

कोलकाता : बंगाल की दुर्गापूजा को विश्व मंच पर और व्यापक पहचान दिलाने के उद्देश्य से अडानी समूह ने नई पहल की योजना बनाई है। समूह की ओर से करीब 10 हजार वरिष्ठ नागरिकों को लेकर विशेष ‘दुर्गापूजा प्रिव्यू टूर’ आयोजित करने का प्रस्ताव राज्य सरकार को दिया गया है। इसके तहत देश-विदेश से आने वाले अतिथियों को कोलकाता की चुनिंदा दुर्गापूजाओं के दर्शन कराए जाएंगे।
नवान्न सूत्रों के अनुसार, यह विशेष आयोजन 10 अक्टूबर से शुरू होगा और 12 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान तीन दिनों में शहर की आठ चुनिंदा पूजा समितियों के पंडालों का भ्रमण कराया जाएगा। शाम 6 बजे से सुबह 5 बजे तक अतिथि पंडालों में जाकर पूजा की भव्यता, परंपरा, कला और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होंगे। आम दर्शकों को परेशानी न हो, इसलिए पूजा के शुरुआती दिनों में ही यह कार्यक्रम रखा गया है।
आमतौर पर कॉरपोरेट स्तर पर आयोजित पूजा भ्रमण में वरिष्ठ नागरिकों को विशेष प्राथमिकता नहीं मिलती। इस बार अडानी समूह ने वरिष्ठ नागरिकों को केंद्र में रखते हुए कार्यक्रम तैयार किया है। इसे लेकर नवान्न के साथ समूह के प्रतिनिधियों की कई दौर की बैठक भी हो चुकी है। बताया गया है कि करीब 10 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को दुर्गापूजा दर्शन कराया जाएगा।
प्रिव्यू टूर के लिए पूजा समितियों का चयन उनकी कलात्मक प्रस्तुति, आयोजन क्षमता और थीम के आधार पर किया जाएगा। अडानी फाउंडेशन की ओर से चयनित पूजा समितियों को आर्थिक सहायता भी दिए जाने की बात सामने आई है। समूह का उद्देश्य दुर्गापूजा के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक विरासत को देश-विदेश में पहुंचाने के साथ स्थानीय छोटे और मझोले व्यवसायों को भी इसका लाभ दिलाना है।
इस कार्यक्रम में सरकारी एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों के अलावा कलाकार, सांस्कृतिक हस्तियां, मीडिया प्रतिनिधि, इन्फ्लुएंसर, शिक्षाविद, विद्यार्थी, कॉरपोरेट जगत के वरिष्ठ अधिकारी और पूजा आयोजक समेत करीब 50 विशिष्ट अतिथि भी शामिल होंगे। अडानी समूह का मानना है कि आने वाले वर्षों में इस तरह की दुर्गापूजा परिक्रमा एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक पहल का रूप ले सकती है।