

आनंद मोहन, सन्मार्ग संवाददाता
बिधाननगर: मोटरसाइकिल चोरी गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट की टेक्नो सिटी थाना पुलिस ने सात हाई-वैल्यू चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, टेक्नो सिटी थाना कांड संख्या 89/26, दिनांक 6 जून 2026 में धारा 310(4)/310(5) बीएनएस के तहत पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी गौरव गोलदार (19) से पूछताछ के दौरान महत्वपूर्ण जानकारी मिली। आरोपी उत्तर 24 परगना के हरुआ थाना क्षेत्र के काकुरिया गांव का रहने वाला है। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 21 अगस्त को टेक्नो सिटी थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की। इस दौरान टैंक नंबर 21, स्ट्रीट नंबर 824 के पास स्थित एक सुनसान लेबर हटमेंट से सात हाई-वैल्यू चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस ने सभी वाहनों को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया है। बरामदगी के संबंध में एसआई संतु दास की शिकायत पर टेक्नो सिटी थाने में स्वत: संज्ञान लेते हुए कांड संख्या 138/26 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में भी आरोपी की गिरफ्तारी नियमानुसार दिखाई जाएगी।