

कोलकाता : यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक करने और बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के लिए पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल ने तीन प्रमुख उपनगरीय रेल खंडों में विशेष टिकट जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुनील कुमार महाला के नेतृत्व में यह अभियान सियालदह-कृष्णनगर, सियालदह-कैनिंग और सियालदह-बनगांव सेक्शन में चलाया गया।
अभियान के दौरान टिकट जांच टीमों ने कुल 657 मामले पकड़े और 2,53,265 रुपये का जुर्माना वसूला। इनमें 346 यात्री बिना वैध टिकट यात्रा करते पाए गए, जबकि 297 मामले बिना बुक कराए या निर्धारित सीमा से अधिक सामान ले जाने के सामने आए। इसके अलावा ट्रेन और स्टेशन परिसर में थूकने एवं गंदगी फैलाने के 14 मामले भी पकड़े गए।
रेलवे अधिकारियों ने जुर्माना लगाने के साथ यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने, सामान की निर्धारित सीमा का पालन करने और स्टेशनों व ट्रेनों में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक किया।
सियालदह मंडल के डीआरएम राजीव सक्सेना ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना नहीं, बल्कि यात्रियों के बीच सुरक्षित, जिम्मेदार और सुविधाजनक यात्रा की संस्कृति विकसित करना है। उन्होंने कहा कि वास्तविक यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए मंडल में इस तरह के अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।