जीएम ने कोलकाता स्टेशन का किया निरीक्षण

जीएम ने कोलकाता स्टेशन का किया निरीक्षण
Published on

यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और विकास परियोजनाओं की समीक्षा

कोलकाता : पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक श्रीमती गीतिका पांडेय ने शनिवार को कोलकाता रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा एवं संरक्षा व्यवस्था और विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राजीव सक्सेना समेत पूर्व रेलवे मुख्यालय और सियालदह मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसर में उपलब्ध यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन पर स्वच्छता के उच्च मानक बनाए रखने के साथ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने यात्री आवाजाही को सुचारू बनाने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक को स्टेशन के प्रस्तावित यार्ड रीमॉडलिंग के संबंध में पावरपॉइंट प्रस्तुति के जरिए जानकारी दी गई। इसमें यार्ड के आधुनिकीकरण और प्रस्तावित सुधारों की जानकारी दी गई। उन्होंने जारी और आगामी विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध क्रियान्वयन, बेहतर योजना और संबंधित विभागों व एजेंसियों के बीच समन्वय पर जोर दिया।

गीतिका पांडेय ने स्टेशन स्थित इमिग्रेशन सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए उपलब्ध बुनियादी ढांचे और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की।

महाप्रबंधक ने कहा कि यात्री सुरक्षा, संरक्षा, आराम और सुविधा पूर्व रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in