छेड़छाड़ के बाद मानसिक तनाव में नाबालिग ने की आत्महत्या

सिविक वॉलेंटियर गिरफ्तार, हावड़ा के पेड़ो थाना की घटना
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा जिले में एक नाबालिग से कथित छेड़छाड़ के बाद उसकी संदिग्ध आत्महत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपित सिविक वॉलेंटियर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ पॉक्सो समेत आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, किशोरी हावड़ा के पेड़ो थाना के मातोर बर्गक्षेत्र पाड़ा इलाके की रहने वाली थी। उसकी मां एक सिविक वॉलेंटियर लाल्टू मुखोपाध्याय के घर में घरेलू नौकरानी का काम करती हैं। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात किशोरी अपनी मां के साथ आमता में रिश्तेदारों के घर के पास आयोजित काली पूजा कार्यक्रम में गई थी। आरोप है कि उसी कार्यक्रम में मौजूद सिविक वॉलेंटियर लाल्टू ने किशोरी के साथ अश्लील व्यवहार किया। आरोप यह भी है कि जब किशोरी शौचालय गई तो आरोपित भी वहां पहुंच गया और उससे छेड़छाड़ की। घटना के बाद अपमान और मानसिक आघात से पीड़ित किशोरी घर लौटकर बेहद टूट गई थी। बुधवार को घर के अंदर से उसका फंदे से लटका हुआ शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन स्थानीय लोगों ने शव उठाने से पहले आरोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मृतका के परिवार की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सिविक वॉलेंटियर लाल्टू मुखोपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया है। हावड़ा ग्रामीण जिले के पुलिस अधीक्षक सुविमल पाल ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट तथा आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in