चलती हावड़ा-बैंडेल लोकल की महिला बोगी से यात्री को दिया धक्का

आरोपी युवक को जीआरपी ने किया गिरफ्तार
चलती हावड़ा-बैंडेल लोकल की महिला बोगी से यात्री को दिया धक्का
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा-बैंडेल लोकल ट्रेन की महिला बोगी में चढ़कर एक महिला यात्री को चलती ट्रेन से धक्का देने के आरोप में बेलूड़ जीआरपी ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह सनसनीखेज घटना शनिवार की रात करीब 8:10 बजे ट्रेन के बेलूर स्टेशन से खुलने के कुछ देर बाद हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक महिला कोच में घुस गया था। इसी दौरान उसका एक महिला यात्री से विवाद हुआ, जिसके बाद उसने कथित तौर पर महिला को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घायल महिला की पहचान हुगली जिले के रिसड़ा के प्रभाष नगर निवासी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बेलूड़ जीआरपी हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर घटना के पीछे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। इस घटना के बाद ट्रेनों में महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। रेलवे पुलिस ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और दोषी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in