खिदिरपुर से विक्टोरिया जुड़ा, एक साल में बनी 1.57 किमी लंबी मेट्रो सुरंग

आदि गंगा के नीचे बना मेट्रो का रास्ता, ऐतिहासिक इमारतों के नीचे से भी बनी सुरंग
खिदिरपुर से विक्टोरिया जुड़ा, एक साल में बनी 1.57 किमी लंबी मेट्रो सुरंग
Published on: 

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: कोलकाता मेट्रो की पर्पल लाइन के निर्माण में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। खिदिरपुर के सेंट थॉमस स्कूल से विक्टोरिया मेमोरियल तक करीब 1.57 किलोमीटर लंबी जुड़ी हुई सुरंगों का निर्माण महज एक साल में पूरा कर लिया गया है। ‘दिव्या’ और ‘दुर्गा’ नाम की दो टनल बोरिंग मशीनों ने यह काम पूरा किया है। इस परियोजना की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक आदि गंगा के नीचे सुरंग का निर्माण था। मेट्रो सुरंग आदि गंगा के तल से करीब 12 मीटर नीचे से होकर गुजरती है। सुरंग का व्यास करीब 5.8 मीटर है। इस काम के लिए चेन्नई से भारतीय तकनीक से निर्मित टनल बोरिंग मशीनें लाई गई थीं। सुरंग के ऊपर कोलकाता पुलिस ट्रेनिंग स्कूल, फोर्ट विलियम और विक्टोरिया मेमोरियल जैसी महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक संरचनाएं मौजूद हैं। ऐसे में निर्माण के दौरान इन इमारतों की सुरक्षा पर विशेष नजर रखी गई। रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) के इंजीनियरों के लिए एक साल में सुरंग निर्माण पूरा होना बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। हालांकि, पर्पल लाइन पर मेट्रो सेवा शुरू होने में अभी समय लगेगा, क्योंकि सुरंग बनने के बाद भी कई निर्माण और तकनीकी कार्य बाकी हैं। अब निगाहें इस लाइन पर मेट्रो परिचालन शुरू होने पर टिकी हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in