ऑनलाइन लॉटरी के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा, बिहार के पांच युवक गिरफ्तार

सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

हुगली : ऑनलाइन लॉटरी के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने डानकुनी के सूर्यसेन नगर इलाके में छापेमारी कर बिहार के पांच युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से एक लैपटॉप, 20 मोबाइल फोन, एक पासबुक, 22 सिम कार्ड, 23 डेबिट कार्ड और एआई की मदद से तैयार किए गए कई फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी बिहार के नालंदा, गया और शेखपुरा जिले के रहने वाले हैं। आरोपी फेसबुक पर ऑनलाइन लॉटरी के विज्ञापन देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। लॉटरी जीतने का लालच देकर लोगों से संपर्क किया जाता था। इसके बाद उनके मोबाइल नंबर समेत अन्य व्यक्तिगत जानकारी जुटाकर उसका डेटाबेस तैयार किया जाता था।

फर्जी दस्तावेज दिखाकर करते थे भरोसा

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह लोगों को लॉटरी में इनाम जीतने की जानकारी देने के लिए फर्जी दस्तावेज और अन्य सामग्री दिखाता था। लॉटरी जीतने वाले नंबर से लेकर इनाम से संबंधित तमाम जानकारियां फर्जी होती थीं। जब पीड़ित इनाम की राशि मिलने के बारे में पूछता था, तो उसे एआई की मदद से तैयार की गई फर्जी जानकारी या दस्तावेज दिखाकर दोबारा पैसे मांगे जाते थे।

GST और टैक्स के नाम पर वसूली

आरोपी कभी जीएसटी, कभी टैक्स तो कभी अन्य शुल्क के नाम पर पीड़ितों से पैसे वसूलते थे। पुलिस के मुताबिक, ठगी की रकम बिहार के विभिन्न बैंक खातों में भेजी गई है। डानकुनी इलाके में करीब 4 लाख 36 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है।

चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के डीसी (डीडी) रूपांतर सेनगुप्ता ने बताया कि साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से स्पेशल ड्राइव चलायी जा रही है। एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत मिलते ही जांच शुरू की जाती है। साइबर अपराध के हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित इलाकों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। डानकुनी से गिरफ्तार पांच आरोपियों को मिलाकर अब तक इस अभियान में 20 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in