आज भी दक्षिण बंगाल के आठ जिलों में कालबैसाखी की चेतावनी

50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है आंधी मध्य पाकिस्तान से आंध्र प्रदेश के उत्तरी तट तक फैली ट्रफ दक्षिण ओडिशा के ऊपर से गुजरी बंगाल की खाड़ी से बड़ी मात्रा में जलवाष्प दक्षिण बंगाल की ओर आ रही
आज भी दक्षिण बंगाल के आठ जिलों में कालबैसाखी की चेतावनी
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : दक्षिण बंगाल के कई जिलों में रविवार को भी कालबैसाखी (आंधी-तूफान) का असर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। हालांकि कोलकाता में रविवार को तेज आंधी-बारिश की संभावना अपेक्षाकृत कम बताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य पाकिस्तान से आंध्र प्रदेश के उत्तरी तट तक एक अक्षीय रेखा (ट्रफ) फैली हुई है, जो दक्षिण ओडिशा के ऊपर से गुजर रही है। वहीं, बांग्लादेश और उससे सटे क्षेत्रों के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) सक्रिय है। इन दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से बड़ी मात्रा में जलवाष्प दक्षिण बंगाल की ओर आ रही है, जिससे अगले 24 घंटों तक आंधी और बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी रहेंगी। रविवार को झाड़ग्राम, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्दवान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों में हल्की बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की और छिटपुट बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार से दक्षिण बंगाल में आंधी-बारिश की गतिविधियां कम हो सकती हैं। हालांकि कुछ जिलों के सीमित क्षेत्रों में हल्की बारिश जारी रह सकती है। इससे पहले शनिवार को झाड़ग्राम, पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा तथा पूर्व एवं पश्चिम बर्दवान जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से कालबैसाखी आने की आशंका जताई गई थी। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

उधर, उत्तर बंगाल में रविवार और सोमवार को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है, लेकिन फिलहाल किसी बड़े मौसमीय खतरे की चेतावनी नहीं दी गई है। मंगलवार को दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कलिम्पोंग में गरज-चमक के साथ बारिश तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार से उत्तर बंगाल में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। आगामी शुक्रवार को जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कूचबिहार जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in