Weather Update: कोलकाता में अभी और लुढ़केगा पारा, कई जिलों में बारिश की आशंका

Weather Update: कोलकाता में अभी और लुढ़केगा पारा, कई जिलों में बारिश की आशंका
Published on

कोलकाता: नये साल के दूसरे दिन मंगलवार(02 जनवरी) को कोलकाता समेत पूरे राज्य में तापमान में गिरावट देखी गई। कोलकाता समेत कई जिलों में पारा एक से दो डिग्री तक लुढ़क गया। हालांकि अभी और पारा गिरने की आशंका है क्योंकि राज्य के कई जिलों में आने वाले दिनों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार से शनिवार तक 5 जिलों में बारिश का अनुमान है।

अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, आज कलिम्पोंग में न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि बांकुड़ा में तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। इसकी तुलना में उत्तर बंगाल के जिलों का तापमान कम नहीं हुआ।

कोलकाता में आज का तापमान

बता दें कि आज कोलकाता का न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस है। जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। सोमवार को यह 16.2 डिग्री सेल्सियस था। हवा में अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 93 प्रतिशत तथा न्यूनतम 66 प्रतिशत है।

दार्जिलिंग में लुढ़क सकता है तापमान

वहीं, सूत्रों के मुताबिक मंगलवार और बुधवार को दार्जिलिंग में कुछ जगहों पर बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा कई जिलों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। दार्जिलिंग में 5 जनवरी तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है। फिलहाल अगले 24 घंटे में उत्तर बंगाल के जिलों में रात के तापमान में बदलाव का कोई अनुमान नहीं है। लेकिन फिर धीरे-धीरे अगले तीन दिनों में तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

इन जिलों में बारिश के आसार

इसके अलावा मंगलवार और बुधवार को दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग ने गुरुवार को दक्षिण बंगाल के दो जिलों पुरुलिया और बांकुड़ा और शुक्रवार को पांच जिलों पुरुलिया, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पश्चिम बर्दवान और बीरभूम में कुछ जगहों पर हल्की बारिश की भविष्यवाणी की है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in