केंद्रीय मंत्रियों ने की मालदह में महिलाओं की पिटायी की घटना की निंदा

केंद्रीय मंत्रियों ने की मालदह में महिलाओं की पिटायी की घटना की निंदा
Published on: 

अंजलि भाटिया
नई दिल्ली/कोलकाता : केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव के दौरान हिंसा, मालदह से अर्धनग्न वीडियो और राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ हिंसा जैसे मुद्दों पर 'मूक दर्शक' बने रहने के लिए कांग्रेस पार्टी पर कटाक्ष किया। ईरानी ने शनिवार को कहा, 'यह (मणिपुर वायरल वीडियो) मुद्दा न केवल संवेदनशील है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के संबंध में निहितार्थ है और विपक्षी नेताओं को इसकी जानकारी है। हालांकि, विपक्ष संसद के पटल पर इस मुद्दे पर चर्चा नहीं करना चाहता था। उतना ही चौंकाने वाला एक वीडियो है जो पश्चिम बंगाल के मालदह से आ रहा है, जहां दो दलित महिलाओं को पीटा गया और कपड़े उतारे गये।' ईरानी ने कहा कि कांग्रेस राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के बारे में सच्चाई नहीं सुनना चाहती थी और पश्चिम बंगाल में भी पंचायत चुनावों के दौरान लोगों की हत्याओं पर मूकदर्शक बनी हुई है, क्योंकि यह टीएमसी के साथ गठबंधन का लालच है। इधर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी मालदह की घटना की निंदा की। मणिपुर की स्थिति पर उन्होंने कहा कि विपक्षी दल इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं जबकि उनके अपने राज्यों जैसे राजस्थान, पश्चिम बंगाल और बिहार में महिलाओं के खिलाफ जघन्य अपराधों की एक लंबी सूची है। अनुराग ठाकुर ने कहा, 'पिछले चार वर्षों में राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अपराध के एक लाख से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। मणिपुर में दो महिलाओं को नग्न घुमाने का भयावह वीडियो वायरल होने के बाद महिलाओं के खिलाफ अपराध पर कमर कसते हुए भाजपा ने कांग्रेस शासित राजस्थान की ओर इशारा किया और पश्चिमी राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध की हालिया घटनाओं पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के इस्तीफे की मांग की।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News