

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा ट्रेड सेंटर में निर्माण कार्य के दौरान सोमवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों के नाम खोकन हाल्दर और इरफानुल हक हैं। हावड़ा नगर निगम भवन के पास स्थित ट्रेड सेंटर की 11वीं मंजिल के ऊपर से करीब 12 फुट लंबी लोहे की रॉड सड़क पर खड़े लोगों के सिर पर आ गिरी। इस मामले में पुलिस ने निर्माण कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।
क्या है मामला?
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दो मजदूर हावड़ा के मंगला हाट में काम के सिलसिले में आए थे और हावड़ा ट्रेड सेंटर के नीचे खड़े थे। इस दौरान कोलकाता के तिलजला इलाके का एक व्यवसायी भी वहां मौजूद था। अचानक ऊपर से लोहे की रॉड गिरने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़े। घायलों को तत्काल हावड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने व्यवसायी इरफानुल हक और एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया। तीसरे व्यक्ति का इलाज जारी है। हादसे में सड़क किनारे खड़ा एक स्कूटर भी क्षतिग्रस्त हो गया। प्राथमिक जांच में पता चला है कि ट्रेड सेंटर की 11वीं मंजिल से ऊपर निर्माण कार्य चल रहा था, वहीं से लोहे की रॉड फिसलकर नीचे गिर गई।
सीपी पहुंचे घटनास्थल पर : घटना की सूचना मिलते ही हावड़ा सिटी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस आयुक्त आकाश मघारिया ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कहा, ‘यह हादसा कैसे और किसकी लापरवाही से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।’ उन्होंने बताया कि निर्माण कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। व्यस्त इलाके में सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।