डेरेक, सुखेंदु शेखर व डोला को फिर से तृणमूल ने बनाया रास चुनाव के लिए उम्मीदवार

डेरेक, सुखेंदु शेखर व डोला को फिर से तृणमूल ने बनाया रास चुनाव के लिए उम्मीदवार
Published on: 

समीरुल इस्लाम, प्रकाश चिक बराइक व साकेत 3 की न्यू एंट्री
सुष्मिता व सांता छेत्री को नहीं मिला फिर मौका
कल भरा जायेगा नामांकन
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल में राज्यसभा की 6 सीटों के लिए इस महीने 24 जुलाई को होने वाले चुनाव के वास्ते सोमवार को अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। इन उम्मीदवारों में डेरेक ओ' ब्रायन, सुखेंदु शेखर राय, डोला सेन, समीरुल इस्लाम, प्रकाश चिक बराइक, साकेत गोखले शामिल हैं। 6 में से तीन पहले से सांसद हैं जब​कि 3 नये को मौका मिला है। डेरेक ओ' ब्रायन 2011 से सांसद हैं और राज्यसभा में पार्टी के नेता हैं जबकि 2012 में संसद के ऊपरी सदन में चुने गए सुखेंदु शेखर राय उप मुख्य सचेतक हैं। वरिष्ठ नेता डोला सेन 2017 में सांसद बनीं। वहीं पहली बार राज्यसभा चुनाव के लिए जिन्हें उम्मीदवार बनाया गया है उनमें बांग्ला संस्कृति मंच के अध्यक्ष समीरुल इस्लाम, टीएमसी के अलीपुरदुआर जिले के अध्यक्ष प्रकाश चिक बराइक और आरटीआई कार्यकर्ता एवं टीएमसी प्रवक्ता साकेत गोखले शामिल हैं। डेरेक ओ' ब्रायन, सुखेंदु और सेन के अलावा टीएमसी की असम की नेता सुष्मिता देव और दार्जिलिंग की नेता शांता छेत्री का कार्यकाल समाप्त हो गया है। गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री लुईजिन्हो फलेरियो ने टीएमसी सांसद के रूप में इस्तीफा दिया था। कांग्रेस सांसद प्रदीप भट्टाचार्य का कार्यकाल समाप्त होने के बाद पश्चिम बंगाल से राज्यसभा की सात सीटें खाली हो गयी हैं। इन छह सीटों पर चुनाव के साथ ही एक सीट पर उपचुनाव 24 जुलाई को होगा।
टीएमसी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर कहा कि 'हमें आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए डेरेक ओ' ब्रायन, डोला सेन, सुखेंदु शेखर, समीरुल इस्लाम, प्रकाश चिक बराइक और साकेत गोखले की उम्मीदवारी की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। हम कामना करते हैं कि वे लोगों की समर्पित भाव से सेवा करने के अपने संकल्प पर कायम रहें और प्रत्येक भारतीय के अधिकारों की वकालत करने और उनके लिए अदम्य भावना की तृणमूल कांग्रेस की स्थायी विरासत को बरकरार रखें। हम सभी को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं।' पश्चिम बंगाल से इन सीटों के साथ ही गुजरात और गोवा से राज्यसभा की चार सीटों के लिए भी चुनाव होगा। स्थापित प्रक्रिया के अनुसार, मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के एक घंटे बाद 24 जुलाई को ही शाम पांच बजे मतगणना होगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in