रेलवे का राजस्व बढ़ाने को टिकट जांच अभियान होगा और सख्त

DRUCC बैठक में डीआरएम ने दिया निर्देश सियालदह मंडल में 571 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं पर चर्चा नयी ट्रेन सेवाओं और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की गयी
रेलवे का राजस्व बढ़ाने को टिकट जांच अभियान होगा और सख्त
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल में आयोजित 140वीं डिविजनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमेटी (DRUCC) की बैठक में रेलवे की राजस्व हानि रोकने और बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए पूरे मंडल में टिकट जांच अभियान को और अधिक सघन बनाने पर जोर दिया गया। सियालदह के रवीन्द्र सभा कक्ष में आयोजित बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने की।

बैठक में DRUCC सदस्यों ने "RailOne" वन स्टॉप सॉल्यूशन ऐप की सराहना करते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता बताई। सदस्यों का मानना है कि यह ऐप यात्रियों को रेलवे की विभिन्न सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। बैठक के दौरान सियालदह मंडल की उपलब्धियों और चल रही विकास परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि मंडल में 40 नयी उपनगरीय ट्रेन सेवाएं शुरू की गई हैं। इसके अलावा सियालदह-कृष्णानगर और सियालदह-बनगांव खंड में पांच नयी एसी लोकल ट्रेनों का परिचालन भी शुरू किया गया है।

पिछले एक वर्ष में जलपाईगुड़ी रोड हमसफर एक्सप्रेस, कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस और सियालदह-वाराणसी अमृत भारत एक्सप्रेस जैसी तीन नयी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है। वहीं 11 उपनगरीय ट्रेन सेवाओं का विस्तार भी किया गया है। यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में कल्याणी घोषपाड़ा स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन के रूप में विकास पूरा हो चुका है। कल्याणी स्टेशन पर आधुनिक एकीकृत शौचालय परिसर का निर्माण किया गया है, जबकि सियालदह उत्तर स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए "प्रफुल्ल द्वार" का उद्घाटन किया गया है।

बैठक में वर्ष 2025-26 के लिए स्वीकृत 571.85 करोड़ रुपये की लागत वाली 56 परियोजनाओं की भी जानकारी दी गई। इन परियोजनाओं में 40 नये फुट ओवर ब्रिज, 20 नये बुकिंग कार्यालय, प्लेटफॉर्म विस्तार, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता सुविधाएं, प्रतीक्षालयों का उन्नयन और विभिन्न स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने जैसे कार्य शामिल हैं। मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि DRUCC सदस्यों द्वारा उठाये गये मुद्दों पर रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप गंभीरता से विचार किया जाएगा और व्यावहारिक सुझावों को जल्द लागू करने का प्रयास किया जाएगा।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in