

विजय, सन्मार्ग संवाददाता
मिदनापुर : राज्य सरकार की युवा साथी योजना को लेकर रविवार को मिदनापुर शहर में टीएमसी की ओर से एक विशाल बाइक रैली निकाली गयी। युवा टीएमसी और छात्र संगठन टीएमसीपी की ओर से आयोजित इस संयुक्त रैली में हजारों की संख्या में युवाओं और छात्रों ने हिस्सा लिया। इस रैली को मिदनापुर शहर के अलावा आस-पास के जगहों पर भी घुमाया गया। रैली में शामिल लोगों ने युवाओं को आर्थिक मदद प्रदान करने हेतु प्रदेश की टीएमसी सरकार द्वारा युवा साथी योजना लाने पर नारे लगाते हुए राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। इस रैली में टीएमसी के नेताओं ने कहा कि ममता बनर्जी ने महिलाओं के हित में लक्ष्मी भंडार योजना में 500 रुपये की वृद्धि पहले ही कर दी है। अब टीएमसी सरकार ने 18 से लेकर 40 वर्ष तक के सभी बेरोजगार युवक युवतियों को हर माह 1500 रुपये देने की घोषणा भी की है। जिससे बेरोजगार .युवक युवतियों को भी एक बड़ा सहारा मिलेगा। राज्य सरकार की इस योजना से सभी बेरोजगार युवक युवतियों में खुशी व्याप्त है। इधर युवा साथी योजना का लाभ पाने के लिए आवेदन पत्र जमा देने हेतु खड़गपुर समेत पूर्व व पश्चिम मिदनापुर तथा झाड़ग्राम जिले में भी इस दिन हजारों लोगों की भीड़ हुयी। टीएमसी ने युवाओं की सहाय़ता के लिए कई जगहों पर शिविर भी लगाया।