गंगासागर तक पहुंचेगी रेल! रेल मंत्री-सीएम की बैठक के बाद बढ़ीं उम्मीदें

हर वर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं गंगासागर अभी सियालदह से ट्रेन द्वारा काकद्वीप या नामखाना तक पहुंचना पड़ता है, फिर और मुश्किल होता है सफर
cabinet_cleared_four_railway_ projects
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : गंगासागर तक सीधे रेल संपर्क स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हो सकती है। शनिवार को नवान्न में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के बीच हुई बैठक में गंगासागर को रेल नेटवर्क से जोड़ने का प्रस्ताव प्रमुखता से उठाया गया। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री के समक्ष गंगासागर तक सीधी रेल सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा। इस परियोजना को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई है और संभावना जताई जा रही है कि आगामी केंद्रीय बजट में इसके लिए वित्तीय प्रावधान किया जा सकता है। गौरतलब है कि हर वर्ष लाखों श्रद्धालु गंगासागर पहुंचते हैं। केवल गंगासागर मेले के दौरान ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष यहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन बना रहता है। वर्तमान में गंगासागर तक पहुंचने के लिए यात्रियों को कई चरणों में यात्रा करनी पड़ती है, जिससे विशेषकर बुजुर्गों और बच्चों के साथ यात्रा करना काफी कठिन हो जाता है। अभी कोलकाता से सियालदह दक्षिण शाखा की ट्रेन से काकद्वीप या नामखाना तक पहुंचना पड़ता है। इसके बाद ऑटो या टोटो से लॉट-8 घाट जाना होता है, फिर लॉन्च या वेसल के माध्यम से कचुबेड़िया पहुंचकर बस से गंगासागर जाना पड़ता है। सड़क मार्ग से भी यात्रा प्रक्रिया लगभग इसी प्रकार की है। यदि प्रस्तावित रेल परियोजना को मंजूरी मिलती है, तो श्रद्धालुओं को भविष्य में सीधे रेल मार्ग से गंगासागर पहुंचने की सुविधा मिल सकती है। माना जा रहा है कि वर्ष 2027 के केंद्रीय बजट से पहले ही इस परियोजना पर प्रारंभिक कार्य शुरू हो सकता है। बैठक में केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर भी उपस्थित थे। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि गंगासागर तक सीधा रेल संपर्क स्थापित करने के विषय पर विस्तार से चर्चा हुई है। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना में विशेष रुचि दिखाई है और इसके क्रियान्वयन की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा। बैठक में इसके अलावा बागदा-बनगांव क्षेत्र की विभिन्न रेल परियोजनाओं, अंडरपास निर्माण, रेलवे अवसंरचना के विस्तार तथा अन्य विकासमूलक योजनाओं पर भी चर्चा की गयी।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in