

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : शादी की तारीख 9 मार्च तय है। दूल्हा और दुल्हन दोनों पक्षों की ओर से निमंत्रण पत्र भी बांटे जा चुके हैं। शादी में अब महज 3 दिन बाकी हैं, लेकिन दूल्हा इस समय बहरीन में फंसा हुआ है। ऐसे में शादी के मुहूर्त से पहले दूल्हा मंडप तक पहुंच पाएगा या नहीं, इसे लेकर दोनों परिवारों में गहरी चिंता और अनिश्चितता बनी हुई है। इजरायल और अमेरिका के साथ ईरान के टकराव के कारण पूरे पश्चिम एशिया में युद्ध जैसे हालात बन गए हैं। बहरीन भी इससे अछूता नहीं है। बहरीन में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर ईरान की ओर से मिसाइल हमले किए गए हैं। इसी देश में हावड़ा के डोमजूड़ के नरना गांव का युवक सुरजीत मंडल फंसा हुआ है। 27 वर्षीय सुरजीत बहरीन के हिड शहर में सोने की पॉलिश का काम करते हैं। वह पिछले लगभग पांच साल से काम के सिलसिले में बहरीन में रह रहे हैं लेकिन युद्ध जैसे हालात के कारण वहां सभी उड़ानें फिलहाल बंद कर दी गई हैं। इस वजह से सुरजीत समेत कई भारतीय नागरिक वहां फंसे हुए हैं। परिवार के मुताबिक करीब छह महीने पहले सुरजीत की शादी तय हुई थी और शादी की तारीख 9 मार्च रखी गई थी। इसके लिए सुरजीत को 1 मार्च को भारत लौटना था, लेकिन उससे पहले ही युद्ध जैसी स्थिति पैदा हो जाने के कारण उनकी वापसी अनिश्चित हो गई। बहरीन में लगातार हो रहे मिसाइल हमलों के कारण सुरजीत की सुरक्षा को लेकर भी परिवार के लोग बेहद चिंतित हैं। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या शादी के मुहूर्त से पहले सुरजीत सुरक्षित अपने घर लौट पाएंगे या नहीं।