हावड़ा-दिल्ली रूट पर दौड़ेगी देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर

महज 15 घंटे में पूरा होगा 1,449 किमी का सफर
हावड़ा-दिल्ली रूट पर दौड़ेगी देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : भारतीय रेलवे जल्द ही हावड़ा–नई दिल्ली रूट पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने की तैयारी में है। यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो यह ट्रेन 1,449 किलोमीटर की दूरी केवल 15 घंटे में तय करेगी। इसके साथ ही यह देश की सबसे तेज लंबी दूरी की स्लीपर ट्रेन होगी। वर्तमान में इस मार्ग पर सबसे तेज ट्रेन हावड़ा–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस है, जबकि हावड़ा–सियालदह राजधानी और दुरंतो एक्सप्रेस इस दूरी को लगभग 18 घंटे में तय करती हैं। वहीं सियालदह–दिल्ली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को लगभग 19 घंटे 40 मिनट का समय लगता है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, इस रूट पर चलने वाली वंदे भारत स्लीपर का रेक उत्तर प्रदेश के रायबरेली स्थित मॉडर्न कोच फैक्ट्री में तैयार किया गया है। फिलहाल ट्रेन के प्रोटोटाइप को डायनेमिक टेस्टिंग के लिए भेजा गया है। व्यावसायिक संचालन शुरू होने से पहले ट्रेन की गति, सुरक्षा और सफर के दौरान स्थिरता की जांच के लिए ऑसिलेशन टेस्ट भी किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में आरामदायक स्लीपर बर्थ, कम शोर वाले आधुनिक कोच, स्वचालित प्लग डोर और अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सुरक्षा के लिए 'कवच' प्रणाली, आधुनिक अग्नि पहचान प्रणाली और एयरोसोल आधारित स्वचालित अग्निशमन तकनीक भी लगाई जाएगी। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि वंदे भारत स्लीपर के शुरू होने से हावड़ा और नई दिल्ली के बीच यात्रा पहले की तुलना में कहीं अधिक तेज, सुरक्षित और आरामदायक हो जाएगी।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in