14 घंटे में हावड़ा से गुवाहाटी, दौड़ेगी देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

14 घंटे में हावड़ा से गुवाहाटी, दौड़ेगी देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
Published on

पूर्वोत्तर को हाई-स्पीड ट्रेन यात्रा का तोहफा

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : नये साल के मौके पर पश्चिम बंगाल को बड़ी सौगात देते हुए भारतीय रेलवे ने देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन हावड़ा–गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच चलाने की व्यवस्था की है। यह ट्रेन पश्चिम बंगाल और उत्तर-पूर्वी राज्यों के बीच हाई-स्पीड रेल यात्रा के एक नये युग की शुरुआत करेगी। कम किराये में हवाई यात्रा जैसी तेज रफ्तार और अधिक आरामदायक सफर इस ट्रेन की खास पहचान होगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन हावड़ा से गुवाहाटी की दूरी करीब 14 घंटे में तय करेगी, जबकि अभी अन्य ट्रेनों से यह सफर लगभग 20 घंटे का होता है। इससे यात्रियों का समय बचेगा और यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी। इस अत्याधुनिक ट्रेन की डिजाइन गति 180 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसमें एरोडायनामिक संरचना, उन्नत सस्पेंशन सिस्टम और सेमी-पर्मानेंट कपलर लगाए गए हैं, जिससे तेज रफ्तार के बावजूद यात्रा बेहद स्मूद रहेगी। ट्रेन में स्वचालित स्लाइडिंग दरवाजे, फुली-स्केल गैंगवे, सीसीटीवी निगरानी, आधुनिक पैसेंजर सूचना प्रणाली और टकराव से बचाव के लिए ट्रेन कोलिजन अवॉयडेंस सिस्टम (TCAS) जैसी सुरक्षा सुविधाएं दी गई हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए स्लीपर और फर्स्ट एसी कोचों में एर्गोनॉमिक बर्थ, पढ़ने की लाइट, मोबाइल चार्जिंग के लिए 3-पिन सॉकेट व यूएसबी पोर्ट, वाई-फाई सुविधा और शांत वातावरण के लिए विशेष नॉइज इंसुलेशन उपलब्ध है। स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए वैक्यूम टॉयलेट, बेबी सीट, दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष बर्थ और शौचालय भी प्रदान किए गए हैं। फर्स्ट एसी कोच में हॉट वॉटर शावर की सुविधा, मिनी पैंट्री, आधुनिक फायर डिटेक्शन सिस्टम और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप निर्माण इस ट्रेन को खास बनाते हैं। कुल मिलाकर, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन उत्तर-पूर्व भारत को तेज, सुरक्षित और आरामदायक रेल संपर्क से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in