सन्मार्ग संवाददाता हावड़ा : कोलकाता में खाटूधाम के रूप में पूजित 'श्री श्याम मंदिर घुसुड़ीधाम' में फाल्गुन मेला से पहले ही श्याम भक्त फागण की मस्ती और बाबा की भक्ति में डूब गये हैं जिसका प्रत्यक्ष प्रमाण मुख्य मेला के 20 दिन पहले यहां निशान चढ़ाने उमड़ी भक्तों की अपार भीड़ से मिला। मंदिर के प्रबंध न्यासी सह फाल्गुन मेला कमेटी के अध्यक्ष बिनोद टिबड़ेवाल ने बताया कि सुबह मंदिर के कपाट खुलने से पहले ही सैकड़ों श्याम भक्त विभिन्न स्थानों से रंग-बिरंगी धवजायें (निशान) लेकर श्याम गुणगान करते पैदल मंदिर पहुंच गये और फिर तो यह क्रम देर रात तक चलता रहा। कोलकाता-हावड़ा-हुगली व आस-पास के क्षेत्रों से अनेक श्याम संस्थाओं के बैनर तले हजारों की संख्या में भक्त निशान हाथ में लिये सुमधुर भजनों पर झूमते-नाचते चतुर्दिक 'जय श्री श्याम जय घुसुड़ीधाम' का उद्घोष करते श्याम मंदिर घुसुड़ीधाम पहुंचते रहे। स्थानीय संस्था 'बम बासुकी ग्रुप (सलकिया)' की ओर से नया मंदिर बांधाघाट के निकट लक्ष्मी वाटिका से आयोजित भव्य निशान शोभायात्रा अन्यतम आकर्षण का केंद्र रही।