सीआईडी ने संभाली पिलखाना प्रमोटर हत्याकांड की जांच

सीआईडी ने संभाली पिलखाना प्रमोटर हत्याकांड की जांच
Published on

बहूबाजार से पानी की टंकी में छिपाये गये दो हथियार बरामद

गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों को 8 दिन की पुलिस हिरासत

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा/कोलकाता : हावड़ा के गोलाबाड़ी थाना क्षेत्र स्थित पिलखाना में प्रमोटर सौफिक खान की हत्या के मामले में जांच की जिम्मेदारी अब राज्य सीआईडी को सौंप दी गई है। शनिवार दोपहर सीआईडी की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। हालांकि मुख्य आरोपित हारुन खान और उसका सहयोगी राफाकत हुसैन उर्फ रोहित अब भी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि उनकी तलाश जारी है। इस बीच शुक्रवार रात को बहूबाजार थाना क्षेत्र से पुलिस ने दो आग्नेयास्त्र और दो मैगजीन बरामद की हैं। बताया जा रहा है कि इन्हीं हथियारों का इस्तेमाल बुधवार तड़के पिलखाना में प्रमोटर सौफिक खान की हत्या में किया गया था। पिलखाना कांड में अब तक Howrah Police Commissionerate ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के नाम मोहम्मद बिलाल उर्फ रिंकू, मोहम्मद वाकिल उर्फ मुन्ना और दिलदार हुसैन हैं। अदालत ने तीनों को आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर शुक्रवार की रात गोलाबाड़ी थाने की एक टीम बहूबाजार थाना क्षेत्र में पहुंची। वहां आरोपित मुन्ना के घर की पानी की टंकी से दो आग्नेयास्त्र और दो मैगजीन बरामद की गयी। मुन्ना ने पूछताछ में बताया कि 25 फरवरी की सुबह हत्या की घटना के बाद मुख्य आरोपित हारुन और रोहित उसके पास आये थे और हथियार छिपाने के लिए कहकर फरार हो गये। इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच राज्य सीआईडी को सौंप दी गई है। शनिवार को सीआईडी के डीआईजी इंद्र चक्रवर्ती घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। मृत प्रमोटर के बड़े भाई जाहिर खान ने कहा कि हमने सीआईडी जांच की मांग की थी। जांच सीआईडी को सौंपे जाने से हम संतुष्ट हैं। उम्मीद है कि फरार आरोपित जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे। वहीं इंद्र चक्रवर्ती ने कहा कि उन्होंने फिलहाल घटनास्थल का निरीक्षण किया है। इसके बाद जब्त किये गये सबूतों के आधार पर अभियुक्तों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा। फिलहाल पुलिस और सीआईडी की टीमें फरार आरोपितों की तलाश में जुटी हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in