

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महिला सशक्तिकरण से लेकर रोजगार सृजन और बुनियादी ढांचे के विस्तार तक मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में पेश राज्य के अंतरिम बजट ने उद्योग और रियल एस्टेट जगत का भरोसा जीत लिया है। जनोन्मुखी योजनाओं, वित्तीय अनुशासन और भविष्य की विकास रूपरेखा के साथ इस बजट को उद्योग प्रतिनिधियों ने प्रगतिशील और विकासोन्मुख बताया है। राज्य की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य द्वारा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के मार्गदर्शन में प्रस्तुत अंतरिम बजट को उद्योग जगत से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।
पैटन ग्रुप के प्रबंध निदेशक संजय बुधिया ने बजट को जनोन्मुखी, व्यावहारिक और प्रगतिशील बताते हुए मुख्यमंत्री और उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बजट में महिला सशक्तिकरण, समावेशी विकास और रोजगार सृजन पर निरंतर जोर दिया गया है। लक्ष्मी भंडार की राशि में 500 रुपये की वृद्धि, आशा कर्मियों, पैरा शिक्षकों व सिविक वॉलंटियर्स के भत्ते में बढ़ोतरी और गिग वर्कर्स को स्वास्थ्य साथी में शामिल करना स्वागतयोग्य कदम है। पांच नए एमएसई औद्योगिक पार्क रोजगार सृजन में सहायक होंगे।
सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स के एमडी एवं सीईओ शुभंकर सेन ने कहा कि यह बजट राज्य की सामाजिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट महिलाओं और युवाओं के कल्याण पर विशेष ध्यान देता है, साथ ही वैश्विक अर्थव्यवस्था में चल रहे महंगाई के दबाव को भी ध्यान में रखा गया है। शुभंकर सेन ने कहा कि उद्योग जगत राज्य सरकार के साथ मिलकर विकास की दिशा में काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। एक उद्योग प्रतिनिधि के रूप में हम राज्य के युवाओं को रोजगार और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने पर काम करना चाहते हैं।
मर्चेंट्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (MCCI) की अध्यक्ष प्रीति ए. सुरेका ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए पेश राज्य बजट की सराहना की है। उन्होंने कहा कि यह बजट दूरदर्शी, विश्वास बढ़ाने वाला और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने वाला है, साथ ही वित्तीय अनुशासन भी बनाए रखता है। बजट में मानव विकास, कृषि व सामाजिक सेवा क्षेत्रों में बड़े आवंटन से अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। पूंजीगत व्यय में 18.5 गुना वृद्धि से परिसंपत्ति निर्माण को बल मिलेगा। राजकोषीय घाटे में 32 प्रतिशत की कमी राज्य की वित्तीय स्थिरता दर्शाती है।
राज्य बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए नेमीचंद बामलवा एंड संस के पार्टनर हंसराज बामलवा ने कहा कि यह बजट महिलाओं और युवाओं के लिए बेहतरीन है। उन्होंने कहा कि बजट में शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे आने वाले समय में युवाओं को नए अवसर मिलेंगे और महिलाओं की आर्थिक भागीदारी और सशक्तिकरण को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री द्वारा सरकारी भूमि पर कॉरपोरेट क्षेत्र के साथ संयुक्त उद्यम के तहत ग्लोबल ट्रेड सेंटर स्थापित करने की घोषणा का रियल एस्टेट और उद्योग जगत ने स्वागत किया है। मर्लिन ग्रुप के प्रबंध निदेशक साकेत मोहता ने कहा कि यह पहल पश्चिम बंगाल को एक प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है उन्होंने बताया कि मर्लिन ग्रुप कोलकाता में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के विकास की प्रक्रिया में है और राज्य सरकार के साथ इस महत्वाकांक्षी परियोजना में सहयोग के लिए पूरी तरह तैयार है। उनका मानना है कि सरकार–निजी क्षेत्र की साझेदारी से न केवल निवेश का माहौल मजबूत होगा, बल्कि शहरी जीवन की गुणवत्ता में भी व्यापक सुधार आएगा। उन्होंने राज्य में सतत और भविष्य-सक्षम शहरों के निर्माण की इस प्रगतिशील रूपरेखा की सराहना की।
मुख्यमंत्री द्वारा जिला कस्बों के आधुनिकीकरण की घोषणा को रियल एस्टेट क्षेत्र ने स्वागतयोग्य कदम बताया है। क्रेडाई वेस्ट बंगाल के अध्यक्ष सुशील मोहता ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा जिला कस्बों के आधुनिकीकरण की घोषणा स्वागतयोग्य है। हालांकि, बारासात और आमतल्ला जैसे विकास गलियारों में संकरी सड़कों और अतिक्रमण से गंभीर बुनियादी ढांचा बाधाएं सामने आ रही हैं। अतिक्रमण के नियमन और सड़कों के चौड़ीकरण को प्राथमिकता देना आवश्यक है। मजबूत सड़क ढांचा बनेगा तो विकास अपने आप पूरे बंगाल में फैल जाएगा।