रामकृष्ण मिशन का 130वां स्थापना दिवस श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया

रामकृष्ण मिशन का 130वां स्थापना दिवस श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : रामकृष्ण मिशन के 130वें स्थापना दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन बेलूड़मठ परिसर में किया गया, जहां आध्यात्मिक और सांस्कृतिक माहौल देखने को मिला। समारोह की शुरुआत ब्रह्मचारियों द्वारा स्तोत्र पाठ से हुई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद विभिन्न धार्मिक और औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर मिशन के अध्यक्ष स्वामी गौतमानंद उपस्थित रहे। उन्होंने अपने आशीर्वचन में मिशन के मूल आदर्श ‘मानव सेवा ही शिव सेवा’पर जोर दिया और समाज के कल्याण के लिए सेवा कार्यों को और मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान सह महासचिव स्वामी बलभद्रानंद ने संस्था की वार्षिक कार्यविवरणी प्रस्तुत की। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, राहत एवं पुनर्वास तथा विभिन्न सामाजिक सेवा कार्यों का विस्तृत विवरण रखा गया। इसके अलावा स्वागत भाषण, ऐतिहासिक विवरण का वाचन और विशिष्ट अतिथियों के संबोधन भी कार्यक्रम का हिस्सा रहे। समारोह के अंत में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को स्मरण करते हुए मानवता की सेवा को सर्वोच्च धर्म मानने का संकल्प दोहराया। पूरे कार्यक्रम का समापन भजन और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in