हावड़ा स्टेशन पर AI कैमरों की कड़ी निगरानी, थूकने या गंदगी फैलाने पर तुरंत लगेगा जुर्माना

अत्याधुनिक वीडियो सर्विलांस सिस्टम और फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) लागू
railwai_new_lagage_rule_soon
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: हावड़ा रेलवे स्टेशन पर अब प्लेटफॉर्म पर गुटखा, पान की पीक, थूक या कूड़ा फैलाने वालों की खैर नहीं है। रेलवे ने यहां अत्याधुनिक वीडियो सर्विलांस सिस्टम और फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) लागू किया है, जिसकी मदद से नियम तोड़ने वालों की तुरंत पहचान कर उन पर कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में हावड़ा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर एक यात्री ने गुटखे की पीक फेंक दी। कुछ ही देर में रेलवे सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंच गए और यात्री पर जुर्माना लगाया। पहले यात्री ने पीक फेंकने से इनकार किया, लेकिन कैमरे की फुटेज दिखाए जाने के बाद उसे अपनी गलती माननी पड़ी। रेल अधिकारियों के अनुसार, नए वीडियो सर्विलांस सिस्टम के जरिए प्लेटफॉर्म पर गंदगी फैलाने, थूकने, खाने के पैकेट फेंकने या खुले में शौच जैसी गतिविधियों पर तुरंत नजर रखी जा रही है। कैमरे ऐसी घटनाओं की तस्वीर और वीडियो तुरंत आरपीएफ को भेज देते हैं, जिससे दोषी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई संभव हो रही है। रेलवे ने हावड़ा समेत देश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर इस आधुनिक निगरानी प्रणाली को लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस सिस्टम में वीडियो एनालिटिक्स, पैनिक बटन और रियल-टाइम मॉनिटरिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। पूर्व रेलवे के चारों मंडलों—हावड़ा, सियालदह, आसनसोल और मालदा—में वीडियो सर्विलांस सिस्टम के संचालन के लिए कुल 30 सर्वर रूम बनाए गए हैं। इनमें हावड़ा में 10, सियालदह में 11, आसनसोल में 4 और मालदा में 5 सर्वर रूम स्थापित किए गए हैं। रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, पूर्व रेलवे के 143 स्टेशनों पर अब तक 3,764 सीसीटीवी कैमरे, 540 फेशियल रिकग्निशन यूनिट और 570 पैनिक बटन लगाए जा चुके हैं। स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार, टिकट काउंटर, वेटिंग हॉल, पार्किंग क्षेत्र और कंट्रोल रूम जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर हाई-डेफिनिशन (HD), 4K यूएचडी कैमरे, पैन-टिल्ट-ज़ूम (PTZ) कैमरे और वीडियो एनालिटिक्स तकनीक से लैस निगरानी व्यवस्था स्थापित की गई है। रेलवे का कहना है कि इस नई तकनीक का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ रेलवे परिसरों को स्वच्छ और अनुशासित बनाए रखना है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in