

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा मंडल ने यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता और ऑन-बोर्ड सेवाओं की गुणवत्ता को मजबूत करने के उद्देश्य से सुबह विशेष औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व डीआरएम विशाल कपूर ने किया। निरीक्षण हावड़ा-बर्दवान सेक्शन में चलने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनों मुंबई मेल और पूर्वा एक्सप्रेस में किया गया। इस दौरान वरिष्ठ मंडलीय यांत्रिक अभियंता, वरिष्ठ मंडलीय वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडलीय सुरक्षा आयुक्त समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की बड़ी टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने यात्रियों के बीच सफर करते हुए वास्तविक परिस्थितियों में ट्रेन की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, कोचों की स्थिति, स्टाफ की सतर्कता और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान फायर सेफ्टी, कोच सुरक्षा, यात्री सामान की सुरक्षा, स्वच्छता और शिकायत निवारण व्यवस्था की जांच की गई। आरपीएफ डॉग स्क्वायड की मदद से ट्रेनों और यात्रियों के सामान की भी जांच हुई। अभियान के दौरान एसी थ्री-टियर कोच के शौचालय क्षेत्र में धूम्रपान करते एक यात्री को पकड़ा गया, जिसके खिलाफ रेलवे नियमों के तहत कार्रवाई की गई।