

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पूर्व रेलवे के हावड़ा मंडल ने उपनगरीय यात्रियों में टिकटिंग अनुशासन को मजबूत करने और जिम्मेदार यात्रा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को हावड़ा–रिसड़ा–हावड़ा खंड में विशेष मोबाइल टिकट जांच अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक डॉ. उदय शंकर झा ने किया। हावड़ा के मंडलीय वाणिज्य प्रबंधक एच. एन. गांगोपाध्याय भी मौजूद रहे। अभियान में 2 वाणिज्य निरीक्षक, 22 टिकट जांच कर्मचारी तथा 2 आरपीएफ कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। जांच के दौरान कुल 407 टिकटिंग अनियमितताओं के मामले सामने आए। इनमें 317 मामले बिना टिकट यात्रा के, 62 मामले बिना बुक किए गए सामान के तथा 28 मामले गंदगी फैलाने से संबंधित थे। अभियान के दौरान यात्रियों से बातचीत करते हुए PCCM/पूर्व रेलवे ने उन्हें वैध टिकट के साथ यात्रा करने की सलाह दी, ताकि जुर्माने से बचा जा सके। साथ ही, उन्होंने आसान और सुविधाजनक ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए RailOne ऐप के उपयोग को भी प्रोत्साहित किया।