

कोलकाता : श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम और बाबा बासुकीनाथ धाम जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने विशेष रेल सेवाओं की घोषणा की है। 29 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक मेले के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए MEMU, DEMU और पैसेंजर स्पेशल ट्रेनों का व्यापक संचालन किया जाएगा। रेलवे के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों से जसीडीह, बैद्यनाथ धाम, देवघर, बासुकीनाथ, गोड्डा और जमालपुर के बीच रेल संपर्क को मजबूत किया जाएगा, जिससे कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध हो सके।
प्रतिदिन चलेंगी 33 विशेष ट्रेन सेवाएं
29 जुलाई से 30 अगस्त तक प्रतिदिन संचालित होने वाली विशेष ट्रेनों में शामिल हैं—
03501/03503/03505 जसीडीह–बैद्यनाथ धाम MEMU स्पेशल तथा 03502/03504/03506 बैद्यनाथ धाम–जसीडीह MEMU स्पेशल, जिनका ठहराव सत्संग नगर हॉल्ट पर भी होगा।
03507 देवघर–जसीडीह MEMU स्पेशल और 03508 जसीडीह–देवघर MEMU स्पेशल।
03510/03514/03516 जसीडीह–बासुकीनाथ MEMU स्पेशल तथा 03509/03513/03515 बासुकीनाथ–जसीडीह MEMU स्पेशल, जो मार्ग के सभी स्टेशनों पर रुकेगी।
03517 बासुकीनाथ–देवघर MEMU स्पेशल और 03518 देवघर–बासुकीनाथ MEMU स्पेशल, जिनका भी सभी मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव होगा।
03480 जमालपुर–सुल्तानगंज DEMU स्पेशल तथा 03479 सुल्तानगंज–जमालपुर DEMU स्पेशल, जो सभी स्टेशनों पर रुकेंगी।
रविवार को अतिरिक्त पैसेंजर स्पेशल ट्रेनें
2 अगस्त से 30 अगस्त तक प्रत्येक रविवार को श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए निम्न विशेष पैसेंजर ट्रेनें भी चलाई जाएंगी—
03442 जमालपुर–देवघर पैसेंजर स्पेशल तथा 03441 देवघर–जमालपुर पैसेंजर स्पेशल।
03443 गोड्डा–देवघर पैसेंजर स्पेशल तथा 03444 देवघर–गोड्डा पैसेंजर स्पेशल।
इन सभी ट्रेनों का मार्ग में आने वाले प्रत्येक स्टेशन पर ठहराव होगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर
पूर्व रेलवे ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम और उसके बाद बाबा बासुकीनाथ धाम की यात्रा करते हैं। इस वर्ष भी भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त रेल सेवाएं, बेहतर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, विशेष ट्रेनों के संचालन से श्रद्धालुओं को समय पर यात्रा सुविधा मिलेगी, स्टेशनों पर भीड़ का दबाव कम होगा और पूरे श्रावणी मेला अवधि के दौरान रेल परिचालन को अधिक सुचारु बनाया जा सकेगा।