विश्वकप के फाइनल मैच के लिए कोलकाता में हुई कुछ ऐसी तैयारी

Published on: 

कोलकाता: सेमीफाइनल मैच में न्यूजीलैंड को हराने के बाद कल यानी रविवार को भारत का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा। अहमदाबाद स्टेडियम में क्रिकेट वर्ल्ड कप का फाइनल मैच कल खेला जायेगा। यहां उल्लेखनीय है कि कल आस्था व विश्वास के महापर्व छठ पूजा का पहला अर्घ्य भी है। ऐसे में इस दिन एक वर्ग छठ पूजा में लीन रहेगा तो वहीं एक वर्ग फाइनल मैच देखेगा। कोलकाता भी वर्ल्ड कप के फाइनल मैच के लिये पूरी तरह तैयार है। भारत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया टीम की जर्सी भी एसप्लानेड इलाके में खूब बिक रही है। यहां लोग विराट कोहली और मो. शमी की जर्सियों को काफी खरीद रहे हैं। वहीं फाइनल मैच दिखाने की पूरी तैयारी शहर के विभिन्न मॉल्स से लेकर हाउसिंग सोसाइटी तक ने की है। इसके अलावा अलग-अलग पाढ़ा में मैच दिखाने के लिये जाइंट स्क्रीन की व्यवस्था की गयी है।

स्क्रीनिंग और चीयरिंग के लिये मॉल में तैयारी

साउथ सिटी मॉल के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट मनमोहन बागड़ी ने बताया कि मॉल ने बड़े पैमाने पर वर्ल्ड कप के फाइनल मैच की तैयारी की योजना बनायी है। सभी फ्लाेर के आट्रियम को तिरंगे और ब्लू रंग की थीम से सजाया जायेगा। टीम इंडिया के लिये चीयर करने हेतू पंजाबी ढोल प्लेयर यहां होंगे। अगर किसी फैन को टैटू बनवाना हो तो उसके लिये 2 टैटू आर्टिस्ट भी रहेंगे। लोगों में प्लेकार्ड वितरित किये जायेंगे ताकि बाउंड्री लगने पर लोग इसे दिखा सकें। मॉल में फुल लाइव कमेंट्री की जायेगी ताकि इस ऐतिहासिक का एक क्षण भी कोई मिस ना कर सके। मेन आट्रियम फूड कोर्ट के अलावा बड़े स्क्रीन पर मैच दिखाया जायेगा। स्क्रैपयार्ड में ओपेन टेरेस में लोग मैच अच्छे से इंज्वाय कर सकेंगे। दर्शकों के लिये टेरेस पर भी अलग स्क्रीन की व्यवस्था की गयी है। अक्सर आने वाले गेस्ट के लिये कॉम्प्लीमेंट्री शॉट्स की योजना है। टीम इंडिया की जीत पर स्पेशल फायर शो और जगलिंग की जायेगी।

दिवाली प्रीति सम्मेलन के बहाने मैच किया जायेगा इंज्वाय

कुछ हाउसिंग सोसाइटी इस दिन दिवाली प्रीति सम्मेलन के बहाने मैच इंज्वाय करने वाली है। सॉल्टलेक के एफई ब्लॉक की ओर से राजीव चंगोईवाला ने बताया कि हमने पहले ही इस दिन दिवाली प्रीति सम्मेलन करने की योजना बनायी थी। हालां​कि इस दिन वर्ल्ड कप का फाइनल भी है, ऐसे में पूरी सोसाइटी के लोग इकट्ठा होकर बड़े स्क्रीन पर मैच देखेंगे। यहां लगभग 1000 से 1500 लोग इकट्ठा होंगे जहां वर्ल्ड कप के थीम प सजावट की जायेगी। भारतीय प्लेयर्स के कटआउट यहां होंगे और इसके साथ ही वर्ल्ड कप की रेप्लीका भी होगी। सेल्फी काउंटर भी बनाया जायेगा।

 

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in