बनगांव-सियालदह लोकल ट्रेन में धुआं उठने से मची अफरा-तफरी

संहति स्टेशन पर रोकी गयी ट्रेन
बनगांव-सियालदह लोकल ट्रेन में धुआं उठने से मची अफरा-तफरी
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बनगांव से सियालदह जा रही लोकल ट्रेन के एक डिब्बे से धुआं निकलने की घटना के बाद शनिवार को संहति स्टेशन पर यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि रेलवे अधिकारियों की तत्परता से स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई और कुछ देर बाद ट्रेन को सियालदह के लिए रवाना कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बनगांव-सियालदह लोकल संहति स्टेशन पर पहुंची, ट्रेन के तीसरे डिब्बे से धुआं निकलता दिखाई दिया। धुआं देखते ही यात्रियों में दहशत फैल गई। कई यात्री तुरंत ट्रेन से उतरकर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और स्टेशन कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी विद्युत तकनीकी खराबी के कारण धुआं निकला हो सकता है। इस घटना के कारण ट्रेन कुछ समय तक स्टेशन पर खड़ी रही। रेलवे कर्मियों द्वारा आवश्यक जांच और सुरक्षा उपायों के बाद ट्रेन को पुनः सियालदह के लिए रवाना कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in