न्यू गरिया से सेक्टर-V तक मेट्रो का इंतजार खत्म होने के करीब

35 मिनट में पूरा होगा सफर 31 दिसंबर 2026 तक सेवा शुरू करने का लक्ष्य
न्यू गरिया से सेक्टर-V तक मेट्रो का इंतजार खत्म होने के करीब
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : न्यू गरिया से सॉल्टलेक सेक्टर-V तक मेट्रो सेवा शुरू होने का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। कोलकाता मेट्रो के ऑरेंज लाइन कॉरिडोर पर इस रूट को 31 दिसंबर 2026 तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। मेट्रो रेलवे के अधिकारियों को उम्मीद है कि काम तय समयसीमा में पूरा कर लिया जाएगा। फिलहाल सड़क मार्ग से इस दूरी को तय करने में करीब डेढ़ घंटे तक का समय लग सकता है, जबकि मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद यह सफर लगभग 35 मिनट में पूरा होने की उम्मीद है। इससे न्यू गरिया, ईएम बाईपास और सॉल्टलेक के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

चिंगड़ीघाटा का ‘मिसिंग लिंक’ लगभग तैयार : ऑरेंज लाइन को सेक्टर-V तक पहुंचाने में चिंगड़ीघाटा क्रॉसिंग का 366 मीटर लंबा ‘मिसिंग लिंक’ सबसे बड़ी अड़चन रहा है। अब इस हिस्से का काम लगभग पूरा हो चुका है। रिपोर्ट के मुताबिक रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) ने करीब 335 मीटर हिस्से का काम पूरा कर लिया है। अब लगभग 31 मीटर का हिस्सा बाकी है। इसके पूरा होते ही न्यू गरिया से सॉल्टलेक सेक्टर-V तक ऑरेंज लाइन को जोड़ने का रास्ता साफ हो जाएगा।

तीन नए स्टेशन भी तैयार : इस विस्तार के तहत सॉल्टलेक सेक्टर-V, नलवन और गौरकिशोर घोष मेट्रो स्टेशन तैयार हो चुके हैं। अब अंतिम चरण के काम के साथ सुरक्षा संबंधी प्रक्रियाएं पूरी की जानी हैं। मेट्रो सेवा शुरू करने से पहले कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (CRS) की ओर से निरीक्षण और आवश्यक मंजूरी ली जाएगी। इसके बाद इस हिस्से पर व्यावसायिक सेवा शुरू होने की उम्मीद है।

यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा : न्यू गरिया से सेक्टर-V तक मेट्रो कनेक्टिविटी मजबूत होने से दक्षिण और पूर्वी कोलकाता के बीच यात्रा काफी आसान हो जाएगी। खासकर आईटी सेक्टर में काम करने वाले लोगों, छात्रों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। सड़क पर ट्रैफिक जाम के कारण लगने वाले अतिरिक्त समय से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

पर्पल लाइन पर भी काम तेज : इधर, कोलकाता मेट्रो की पर्पल लाइन पर भी निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। जोका से एस्प्लेनेड के बीच इस कॉरिडोर पर काम जारी है। योजना के अनुसार इस हिस्से में 2029 तक व्यावसायिक मेट्रो सेवा शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इस तरह ऑरेंज और पर्पल लाइन के विस्तार से आने वाले वर्षों में कोलकाता और आसपास के इलाकों की मेट्रो कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in