

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सियालदह मंडल ने सियालदह स्टेशन पर एक समर्पित सेंट्रल गेट का शुभारंभ किया है। यह नया प्रवेश एवं निकास द्वार विशेष रूप से मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के यात्रियों के लिए विकसित किया गया है, जिससे उन्हें स्टेशन तक तेज, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक पहुंच उपलब्ध होगी। अब तक यात्री सियालदह स्टेशन में प्रवेश एवं निकास के लिए चार प्रमुख द्वारों—प्रफुल्ल द्वार, नॉर्थ गेट, मेन गेट तथा साउथ गेट—का उपयोग करते थे। नए सेंट्रल गेट की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह विशेष रूप से मेल एवं एक्सप्रेस यात्रियों के लिए समर्पित है। इस द्वार के माध्यम से यात्रियों को लंबी दूरी की ट्रेनों के प्लेटफॉर्म तक सीधे, विस्तृत एवं बाधारहित पहुंच मिलेगी। इससे यात्रियों की क्रॉस मूवमेंट (एक-दूसरे के मार्ग को काटते हुए आवागमन) समाप्त होगी, जिससे भीड़भाड़ में कमी आएगी। यह सुविधा विशेष रूप से भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों तथा पर्यटकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।
• प्लेटफॉर्म 1–5 (मेन लाइन) : नैहाटी, कल्याणी, रानाघाट, शांतिपुर, कृष्णानगर सिटी जंक्शन एवं गेदे की ओर जाने वाली उपनगरीय सेवाएं। यात्री प्रफुल्ल द्वार अथवा नॉर्थ एंट्री गेट का उपयोग करें।
• प्लेटफॉर्म 6–10 (नॉर्थ/मेन): बारासात, बनगांव, हासनाबाद, डानकुनी एवं बारुईपाड़ा की ओर जाने वाली सेवाएं। यात्री मेन एंट्री गेट का उपयोग करें।
• प्लेटफॉर्म 11–14 (मेल/एक्सप्रेस): लंबी दूरी की मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए समर्पित प्लेटफॉर्म। इन प्लेटफॉर्मों तक पहुंचने के लिए सेंट्रल गेट का उपयोग करें।
• प्लेटफॉर्म 15–21: सियालदह दक्षिण खंड की उपनगरीय सेवाएं। यात्री साउथ एंट्री गेट का उपयोग करें।
इस अवसर पर सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने कहा कि हमारा उद्देश्य प्रत्येक यात्री की यात्रा को अधिक आरामदायक, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है। सेंट्रल गेट सियालदह स्टेशन के आधुनिकीकरण, यात्रियों की आवाजाही को बेहतर बनाने तथा लंबी दूरी की ट्रेनों के यात्रियों के लिए सुविधाओं में वृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।