

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: ईस्टर्न रेलवे का सियालदह मंडल अब केवल दैनिक यात्रियों की जरूरतों तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि पर्यटन को बढ़ावा देने, छात्रों और मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में भी अहम कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में मंडल ने चुनिंदा रूटों पर दैनिक एसी लोकल ट्रेन सेवाएं शुरू की हैं, जो सड़क मार्ग की तुलना में किफायती, आरामदायक और ट्रैफिक-मुक्त यात्रा का विकल्प प्रदान करती हैं।
राजा कृष्णचंद्र राय के नाम पर पड़ा था नाम : कृष्णनगर के निकट स्थित ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पर्यटन स्थलों तक यात्रियों की सुविधा के लिए सियालदह मंडल ने सप्ताह के सातों दिन अलग-अलग समय सारिणी में सियालदह–कृष्णनगर एसी लोकल सेवाएं शुरू की हैं। दरअसल कृष्णनगर का नाम राजा कृष्णचंद्र राय के नाम पर पड़ा, जो कला, साहित्य और संस्कृति के महान संरक्षक थे। उनके शासनकाल में बने महल के अवशेष आज भी शहर की शाही विरासत और वास्तुकला की झलक पेश करते हैं। यह शहर अपनी विश्वप्रसिद्ध मिट्टी की मूर्तियों, टेराकोटा कला और पारंपरिक बंगाली मिठाइयों—सरपुरिया और सरभाजा—के लिए भी जाना जाता है। कृष्णनगर एक प्रमुख रेलवे जंक्शन है और यहीं से मायापुर की यात्रा होती है, जहां अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) का विश्व मुख्यालय और भव्य मंदिर परिसर स्थित है, जो दुनियाभर से श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। इस प्रकार कृष्णनगर इतिहास, कला, धर्म और पाक-संस्कृति का अनूठा संगम है।
सियालदह–कृष्णनगर एसी लोकल सेवाएं
ट्रेन संख्या 31845/31846 (सोमवार से शनिवार)
सियालदह से प्रस्थान: 09:48 बजे, कृष्णनगर आगमन: 12:07 बजे
कृष्णनगर से प्रस्थान: दोपहर 1:30 बजे, सियालदह आगमन: 3:40 बजे
ट्रेन संख्या 31847/31848 (रविवार)
सियालदह से प्रस्थान: 11:55 बजे, कृष्णनगर आगमन: दोपहर 2:11 बजे
कृष्णनगर से प्रस्थान: शाम 4:05 बजे, सियालदह आगमन: 6:20 बजे
ये एसी लोकल सेवाएं सड़क परिवहन की तुलना में कहीं अधिक किफायती दरों पर उपलब्ध हैं और यात्रियों को बेहतर आराम व सुगम यात्रा का अनुभव प्रदान करती हैं।
कल्याणी: शिक्षा और चिकित्सा का प्रमुख केंद्र : द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अमेरिकी सैन्य हवाई अड्डे और सप्लाई डिपो “रूज़वेल्ट टाउन” के रूप में विकसित हुई कल्याणी, आज कोलकाता के बाद पश्चिम बंगाल का एक प्रमुख नियोजित शहर बन चुकी है। यह शहर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता, अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और कई नामी विश्वविद्यालयों के कारण एक बड़े शिक्षा व शोध केंद्र के रूप में उभरा है। छात्रों और मरीजों की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए सियालदह मंडल ने यहां के लिए भी एसी लोकल सेवाएं शुरू की हैं, जिससे चिकित्सा परामर्श और पढ़ाई के लिए यात्रा अधिक आरामदायक और कम तनावपूर्ण हो सके।
सियालदह–कल्याणी एसी लोकल सेवा
ट्रेन संख्या 31347/31344 (सियालदह–कल्याणी–सियालदह)
सियालदह से प्रस्थान: दोपहर 3 :35 बजे, कल्याणी आगमन: शाम 4:52 बजे
कल्याणी से प्रस्थान: शाम 5:02 बजे, सियालदह आगमन: 6:20 बजे
सियालदह–रानाघाट एसी लोकल सेवा
ट्रेन संख्या 31637/31638 (सियालदह–रानाघाट–सियालदह)
सियालदह से प्रस्थान: शाम 6:50 बजे, रानाघाट आगमन: रात 8:32 बजे
रानाघाट से प्रस्थान: 08:30 बजे, सियालदह आगमन: 10:10 बजे
ईस्टर्न रेलवे का सियालदह मंडल आर्थिक गतिविधियों को गति देने, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को समर्थन देने तथा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इन महत्वपूर्ण रूटों पर एसी लोकल ट्रेनों के विस्तार से यात्रियों को उच्च स्तर की सुविधा और भरोसेमंद सेवा किफायती दरों पर मिल रही है, जिससे सड़क यातायात का दबाव भी कम होगा। मंडल भविष्य में भी यात्रियों की विविध आवश्यकताओं के अनुरूप सेवाओं का विस्तार करता रहेगा, ताकि क्षेत्र में रेल नेटवर्क परिवहन और कनेक्टिविटी की मजबूत रीढ़ बना रहे।