पूजा से पहले सियालदह डिवीजन को मिल सकती है नई AC लोकल!

डीआरएम के बयान से बढ़ी यात्रियों की उम्मीद
पूजा से पहले सियालदह डिवीजन को मिल सकती है नई AC लोकल!
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: पूर्व रेलवे के सियालदह डिवीजन में दुर्गा पूजा से पहले नई एसी लोकल ट्रेन चलने की संभावना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, सियालदह के डिविजनल रेलवे मैनेजर (डीआरएम ) राजीव सक्सेना ने कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन उन्होंने संकेत दिया कि नई एसी लोकल रेक के लिए रेलवे बोर्ड से मंजूरी मांगी गई है। डीआरएम ने बताया कि पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (GM) ने हावड़ा और सियालदह—दोनों डिवीजनों के लिए नई एसी लोकल रेक उपलब्ध कराने के संबंध में रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा है। उन्होंने कहा कि पहले यह माना जा रहा था कि सियालदह डिवीजन में एसी लोकल का संचालन चुनौतीपूर्ण होगा, लेकिन रेलवे ने इसे सफलतापूर्वक संचालित कर दिखाया है। इसी सफलता के आधार पर अतिरिक्त एसी रेक की मांग की गई है। इस दौरान सियालदह-बारासात एसी लोकल को भविष्य में बनगांव तक बढ़ाने की संभावना पर भी चर्चा हुई। डीआरएम ने कहा कि फिलहाल इस पर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। अगले दो महीने तक यात्रियों की संख्या और परिचालन व्यवस्था का आकलन करने के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा। रेलवे सूत्रों के अनुसार, सुबह 10:33 बजे सियालदह से बारासात और सुबह 11:29 बजे बारासात से सियालदह चलने वाली एसी लोकल में अपेक्षित संख्या में यात्री नहीं मिल रहे हैं। कई यात्रियों का मानना है कि यदि इस सेवा को हाबड़ा, गोबरडांगा या बनगांव तक बढ़ाया जाए तो यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। इस पर डीआरएम ने स्पष्ट किया कि बारासात से बनगांव सेक्शन में अभी ऑटो-सिग्नलिंग प्रणाली पूरी तरह लागू नहीं हुई है। इसके अलावा, मौजूदा ट्रेनों को रद्द किए बिना नई सेवा संचालित करना और प्लेटफॉर्म की उपलब्धता सुनिश्चित करना भी बड़ी चुनौती है। फिलहाल नई एसी लोकल सेवा को लेकर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है, लेकिन रेलवे बोर्ड को भेजे गए प्रस्ताव और डीआरएम के सकारात्मक संकेतों से सियालदह डिवीजन के दैनिक यात्रियों में पूजा से पहले नई एसी लोकल मिलने की उम्मीद जरूर बढ़ गई है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in