आरजी कर कांड में सीबीआई ने सियालदह कोर्ट में दाखिल की 13वीं स्टेटस रिपोर्ट

श्मशान में जांच के दौरान मिले तथ्यों का भी रिपोर्ट में उल्लेख मामले की अगली सुनवाई 20 नवंबर को होगी
CBI
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : आरजी कर कांड की जांच को लेकर सीबीआई ने मंगलवार को सियालदह कोर्ट में 13वीं स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की। कलकत्ता हाई कोर्ट के निर्देश के मुताबिक सीबीआई ने मामले से जुड़े विभिन्न दस्तावेजों, सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल और फॉरेंसिक रिपोर्ट की जांच की है। साथ ही जिस श्मशान घाट में पीड़िता का अंतिम संस्कार किया गया था, वहां जाकर भी सीबीआई की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने जांच की है। माना जा रहा है कि श्मशान में जांच के दौरान मिले तथ्यों का भी रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है। अदालत में सीबीआई के वकील ने बताया कि पीड़िता के परिवार की ओर से जिन मुद्दों पर सवाल उठाए गए हैं, उन सभी पहलुओं की जांच की गई है। हालांकि, कुछ बिंदुओं पर अभी जांच बाकी है। सीबीआई की ओर से अदालत को जांच की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी दी गई। पीड़िता के परिवार के वकील ने अदालत में कहा कि दो साल से एक ही बात कही जा रही है कि जांच जारी है। उनके मुताबिक, सभी जानते हैं कि मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं और कौन आरोपी हैं। इसके बावजूद अब तक संजय के अलावा केवल दो और लोगों की गिरफ्तारी हुई है। नई स्टेटस रिपोर्ट जमा होने के बाद पीड़िता के पिता ने कहा कि वे इससे पूरी तरह खुश नहीं हैं। हालांकि, सीबीआई की मौजूदा जांच टीम उनके संपर्क में है और मामले में जांच भी कर रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले पर राज्य ही नहीं, बल्कि देश और पूरी दुनिया की नजर है। दोषियों को सजा मिलनी ही चाहिए। मामले की अगली सुनवाई 20 नवंबर को होगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in