

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: सियालदह स्टेशन के यार्ड में रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के लिए पूर्व रेलवे ने बड़े पैमाने पर रखरखाव कार्य किया। 29 और 30 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे से सुबह 7 बजे तक चले करीब सात घंटे के ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान कई महत्वपूर्ण काम पूरे किए गए। इस दौरान DN/ML लाइन के KM 0/19–0/20 सेक्शन में डायमंड स्विच पॉइंट नंबर 208B/219A को आधुनिक बनाया गया। इस अपग्रेड के तहत पुराने 52 किलोग्राम रेल सिस्टम को हटाकर 60 किलोग्राम रेल सिस्टम लगाया गया। रेलवे के मुताबिक, इससे ट्रैक की मजबूती, स्थायित्व और परिचालन विश्वसनीयता में सुधार होगा। काम के दौरान कुल 34.71 मीटर 60 किलोग्राम रेल और सात प्रीफैब्रिकेटेड ग्लूड जॉइंट लगाए गए। सीमित जगह के कारण काम चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद पुराने पॉइंट मशीन को हटाकर नए ग्राउंड फिटिंग्स लगाए गए और ट्रैक संरचना को व्यवस्थित किया गया। इसके अलावा नौ ग्लूड जॉइंट, 20 ट्रैक एवं क्रॉस जम्पर और 44 बॉन्ड वायर भी बदले गए। इससे ट्रैक और सिग्नलिंग सिस्टम के पुराने हिस्सों को भी अपग्रेड किया गया। ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान दमदम यार्ड की लाइन नंबर 5 और 6 पर भी रखरखाव कार्य किए गए। TRD विभाग ने चार कैंटिलीवर की मरम्मत और आठ इंसुलेटर की सफाई की। अपनी निर्धारित स्थिति से हटे दो कैंटिलीवर को दोबारा स्थापित किया गया। साथ ही एक पोर्टल अपराइट से दो पक्षियों के घोंसले हटाए गए। पूर्व रेलवे के अनुसार, इंजीनियरिंग, S&T और TRD विभागों के बेहतर समन्वय से सभी कार्य निर्धारित सात घंटे में पूरे कर लिए गए। सुबह 7 बजे ट्रैफिक ब्लॉक हटा दिया गया। CPRO शिवराम माझी ने इसे विभागीय समन्वय का उल्लेखनीय उदाहरण बताया।