

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता मेट्रो के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में से एक बेलियाघाटा मेट्रो स्टेशन के फुट ओवरब्रिज के निर्माण कार्य को नयी गति मिल गयी है। परियोजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संभाल रही रेल विकास निगम लिमिटेड ने इस दिशा में एक और अहम कदम आगे बढ़ाया है, जिससे भविष्य में यात्रियों की आवाजाही काफी आसान होने की उम्मीद है। जानकारी के अनुसार, चिंगड़ीघाटा मेट्रो परियोजना के 366 मीटर लंबे लंबित हिस्से का कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है। इसके बाद अब बेलियाघाटा मेट्रो स्टेशन के पूर्वी मुख्य प्रवेश द्वार के लिए फुट ओवरब्रिज निर्माण का काम शुरू किया गया है। इस कार्य के लिए कोलकाता ट्रैफिक पुलिस ने 45 दिनों का अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) भी जारी कर दिया है। मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, फुट ओवरब्रिज के निर्माण से पहले ईएम बाईपास की उत्तर और दक्षिण दिशा की लेनों के बीच पुल के लिए स्तंभ बनाए जाएंगे। इसके लिए दक्षिणमुखी लेन के लगभग 8 मीटर हिस्से को बैरिकेड लगाकर घेरा जाएगा। निर्माण अवधि के दौरान इस मार्ग पर यातायात नियंत्रित रहेगा और वाहनों को वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करना होगा। स्थानीय यात्रियों का मानना है कि फुट ओवरब्रिज बनने के बाद बेलियाघाटा मेट्रो स्टेशन तक पहुंचना कहीं अधिक सुविधाजनक हो जाएगा। इससे यात्रियों का समय बचेगा और सड़क पार करने में होने वाली परेशानियां भी कम होंगी। गौरतलब है कि न्यू गड़िया से एयरपोर्ट कॉरिडोर के अंतर्गत मेट्रोपॉलिटन से सेक्टर-5 तक 366 मीटर का एक हिस्सा लंबे समय से अधूरा पड़ा था। इस कार्य को पूरा करने के लिए RVNL और मेट्रो प्रशासन द्वारा कई बार ट्रैफिक ब्लॉक की अनुमति मांगी गयी थी। रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व प्रशासन के दौरान यह परियोजना लंबे समय तक लंबित रही, जबकि अब निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक मंजूरियां मिल चुकी हैं।