चुनाव से पहले आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, हावड़ा स्टेशन से 72 लाख रुपये और डॉलर बरामद

दो हिरासत में
चुनाव से पहले आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, हावड़ा स्टेशन से 72 लाख रुपये और डॉलर बरामद
Published on

हावड़ा : विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में काले धन की आवाजाही रोकने के लिए पुलिस और रेल सुरक्षा बल (RPF) पूरी तरह सतर्क हैं। इसी क्रम में हावड़ा स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए आरपीएफ ने भारी मात्रा में नकदी और विदेशी मुद्रा बरामद की है। इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। आरपीएफ सूत्रों के अनुसार, कुल बरामद राशि करीब 72 लाख 6 हजार 340 रुपये है। इसमें भारतीय मुद्रा के साथ-साथ अमेरिकी डॉलर भी शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, हावड़ा डिवीजन के बामनगाछी आरपीएफ पोस्ट के जवान स्टेशन के आसपास नियमित तलाशी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान बामनगाछी रेल यार्ड के बनारस ब्रिज इलाके में दो व्यक्तियों को संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा गया। शक होने पर जवानों ने उन्हें रोककर पूछताछ की, जिसमें उनके जवाबों में कई विसंगतियां सामने आईं। इसके बाद जब उनके बैग की तलाशी ली गई, तो अधिकारियों की आंखें खुली रह गईं। बैग से भारतीय मुद्रा में 32,03,900 रुपये बरामद हुए। साथ ही 43,000 अमेरिकी डॉलर भी मिले, जिनकी भारतीय बाजार में कीमत लगभग 40,02,440 रुपये आंकी गई है। पकड़े गए दोनों व्यक्तियों की पहचान आशिष सेठ (39) और सुमित वर्मा (23) के रूप में हुई है। दोनों वाराणसी के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों विभूति एक्सप्रेस से वाराणसी से हावड़ा आ रहे थे। जांच से बचने के लिए उन्होंने ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचने से पहले ही यार्ड में उतरने की कोशिश की, लेकिन आरपीएफ की सतर्कता के चलते उनकी योजना विफल हो गई। बरामद नकदी और विदेशी मुद्रा के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने के कारण आरपीएफ ने तत्काल आयकर विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे आयकर अधिकारियों ने पूरी राशि को जब्त कर लिया है। चुनाव के मद्देनजर इतनी बड़ी रकम कहां ले जाई जा रही थी और इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है या नहीं, इसको लेकर पुलिस गहन जांच में जुटी हुई है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in