हावड़ा की सड़कों से जाम हटाना पहली प्राथमिकता : सीपी

नवनियुक्त सीपी आकाश मघारिया ने कहा कि क्राइम पर भी कसा जायेगा शिकंजा टोटो के ‘एकछत्र राज’ पर लगेगी लगाम, स्कूल जोन में होगा विशेष ट्रैफिक प्लान
हावड़ा की सड़कों से जाम हटाना पहली प्राथमिकता : सीपी
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा पुलिस कमिश्नरेट के नवनियुक्त सीपी आकाश मघारिया ने स्पष्ट किया है कि शहर की दो सबसे बड़ी समस्याएं ट्रैफिक जाम और साइबर क्राइम उनकी प्राथमिकता सूची में सबसे ऊपर रहेंगी। सन्मार्ग से बात करते हुए उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की रोजमर्रा की परेशानियों को कम करना पुलिस प्रशासन का मुख्य लक्ष्य है। सीपी मघारिया के अनुसार, आंदुल रोड, सलकिया, घुसुड़ी और बामनगाछी जैसे इलाकों में लगने वाला भारी ट्रैफिक जाम हावड़ा की सबसे गंभीर समस्या है। इन क्षेत्रों में अनियंत्रित ट्रैफिक व्यवस्था और स्लो-मूविंग वाहनों के कारण घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे लोगों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने विशेष रूप से टोटो को लेकर चिंता जाहिर की। सीपी ने कहा कि टोटो एक स्लो-मूविंग व्हीकल है, लेकिन कई इलाकों में इनका अनियंत्रित संचालन पूरे सड़क यातायात को धीमा कर देता है। टोटो द्वारा इलाके में एकछत्र राज की स्थिति को खत्म किया जाएगा और इनके संचालन को नियमों के दायरे में लाया जाएगा।

स्कूल जोन बनेगा फोकस एरिया : सीपी मघारिया ने डॉन बॉस्को इलाके का भी विशेष उल्लेख किया, जहां बड़ी संख्या में स्कूल स्थित हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल खुलने और छुट्टी के समय यहां भारी जाम लग जाता है, जिससे बच्चों को स्कूल पहुंचने में देरी होती है। इस समस्या से निपटने के लिए स्कूल जोन में विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाएगी।

साइबर क्राइम पर बड़ी कार्रवाई के संकेत : ट्रैफिक के साथ-साथ साइबर क्राइम पर भी सीपी की सख्त नजर रहेगी। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में हावड़ा में साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराध के कई मामले सामने आये हैं। ऐसे में साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा और तकनीकी निगरानी को और मजबूत किया जाएगा।

अवैध पार्किंग और निर्माण पर भी नजर : सीपी आकाश मघारिया ने यह भी कहा कि शहर में अवैध पार्किंग और अवैध निर्माण को भी मैनेज करने की कोशिश करेंगे क्योंकि यह काम तो हावड़ा नगर निगम का है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन आम लोगों के साथ समन्वय बनाकर काम करेगा ताकि हावड़ा की यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और शहर को साइबर अपराध से सुरक्षित बनाया जा सके।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in