आरजी कर की घटना को याद कर आज भी कांप उठती है रूह

डॉक्टर अनिकेत महतो ने कहा, न्याय के लिए जारी रहेगा आंदोलनडब्ल्यूबीजेडीएफ का हुआ था गठन
आरजी कर की घटना को याद कर आज भी कांप उठती है रूह
Published on

कोलकाता : 8 व 9 अगस्त की रात को आरजी कर की उस घटना के एक साल पूरे हो जायेंगे जब उस लोमहर्षक घटना ने पूरे देश की आत्मा को झकझोर दिया था। आरजी कर अस्पताल में ऑन ड्यूटी महिला डॉक्टर से बलात्कार व हत्या की घटना को याद कर आज भी उसके साथियों की रूह कांप उठती है। घटना के बाद डॉक्टरों के समूह ने मिलकर ‘अभया मंच’ और ‘वेस्ट बंगाल जूनियर डॉक्टर्स फ्रंट’ बनाये थे जिसके तहत ना जाने कितने आंदोलन अब तक किये गये। इस मंच में कुछ प्रमुख चेहरे उभरकर सामने आये थे जिनमें से एक आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के ट्रॉमा केयर सेंटर में अंतिम वर्ष के पीजीटी अनिकेत महताे की ड्यूटी भी नाइट शिफ्ट में थी। 

सन्मार्ग से बातचीत में डॉक्टर अनिकेत महतो ने उस दिन को याद करते हुए कहा, ‘सुबह 9.30 बजे मुझे घटना के बारे में पता चला। वह दिन हमारे लिए सदमे वाला था, पूरी तरह अकल्पनीय था। हमने कभी सोचा भी नहीं था कि एक ऑन ड्यूटी महिला डॉक्टर से इस तरह की घटना हो सकती है। मुझे ऐसा लग रहा था जैसे सभी की नजरें मेरी ओर घूर रही हैं और न्याय मांग रही हैं। इसके बाद वहां से एक आंदोलन शुरू हुआ जो हमारा भीषण संग्राम बन गया।’ अनिकेत महतो ने कहा कि इस मामले में बलात्कार के आरोप में केवल संजय राय को दोषी करार दिया गया है, लेकिन अब भी हमें लगता है कि इसमें एक से अधिक लोग थे। केवल एक व्यक्ति सब कुछ कैसे कर सकता है ? हालांकि एक व्यक्ति को सजा मिलना भी कहीं ना कहीं हमारे आंदोलन की जीत थी। हमारे आंदोलन के दबाव में आकर अस्पताल के तत्कालीन प्रिंसिपल संदीप घोष को गिरफ्तार किया गया। स्वास्थ्य घोटाले का एक बड़ा प्रारूप सामने आया। डॉ. अनिकेत महतो ने कहा, ‘अगर जवाबदेही की बात करें तो चेस्ट मेडिसिन के डॉक्टरों से लेकर, स्वास्थ्य विभाग के डीएमई, डीएचएस, सीपी, असिस्टेंट सुपर व डीसी नॉर्थ समेत कुल 11 लोगों को उनके पदों से हटाया गया था जो हमारे आंदाेलन के दबाव में ही हुआ। संरचना में सुधार की जहां तक बात है तो सीसीटीवी से लेकर ऑन ड्यूटी कमरे वगैरह बनाये गये। इनकी संख्या जरूर कम है। भर्ती की नोटिस निकाली गयी, नर्स समेत विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए नोटिस निकाली गयी। काफी दबाव देकर सब कुछ हुआ, लेकिन आज भी अभया का न्याय अधूरा है। पूरा न्याय मिलने तक आंदाेलन जारी रहेगा।’

आज रात जागो, कल मशाल रैली

आरजी कर आंदोलन के एक साल पूरे होने पर आज यानी शुक्रवार को डब्ल्यूबीजेडीएफ की ओर से देर रात 12 बजे से अगले दिन सुबह तक श्यामबाजार मोड़ पर रात जागो किया जायेगा। वहीं कल यानी शनिवार की रात कॉलेज स्क्वायर से श्यामबाजार तक मशाल रैली निकाली जायेगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in