एयरपोर्ट पहुंचने वालों के लिए राहत!

अब कम होगी जलजमाव की समस्या
एयरपोर्ट पहुंचने वालों के लिए राहत!
Published on

बारिश से पहले एक्शन: एयरपोर्ट एप्रोच रोड की होगी मरम्मत, पीक आवर्स में काम पर रोक ताकि ट्रैफिक प्रभावित न हो

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: आगामी बारिश को देखते हुए कोलकाता मेट्रो ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एप्रोच रोड पर तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। यह कदम लगातार मिल रही जलभराव की शिकायतों के बाद उठाया गया है, जिससे यात्रियों और एयरपोर्ट संचालन दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। एयरपोर्ट निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि बुधवार को हुई बैठक में एयरपोर्ट प्रशासन ने मेट्रो अधिकारियों के सामने दो प्रमुख स्थानों—एयरपोर्ट के प्रवेश मार्ग और VIP रोड—पर जलाजमाव की गंभीर समस्या उठाई थी। इसके बाद मेट्रो अधिकारियों ने तुरंत संयुक्त निरीक्षण किया और गुरुवार से मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। मेट्रो इंजीनियरों ने निरीक्षण के दौरान सड़क पर बने गड्ढों, क्षतिग्रस्त हिस्सों और निर्माण कार्य के कारण कमजोर हो चुकी जमीन की पहचान की। अधिकारियों के अनुसार, न्यू गरिया-एयरपोर्ट ऑरेंज लाइन मेट्रो परियोजना की सुरंग निर्माण गतिविधियों के कारण सड़क की स्थिति प्रभावित हुई है, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या बढ़ जाती है। हालांकि, गुरुवार सुबह मरम्मत कार्य शुरू होते ही VIP रोड पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया। स्थिति को देखते हुए बिधाननगर पुलिस ने हस्तक्षेप किया और मेट्रो अधिकारियों से पीक ट्रैफिक आवर्स में काम रोकने का अनुरोध किया। बाद में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी कि अब सड़क मरम्मत का कार्य केवल गैर-पीक (Non-Peak) घंटों में किया जाएगा, ताकि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो और आवश्यक मरम्मत भी जल्द पूरी की जा सके। प्रशासन को उम्मीद है कि समय पर सड़क की मरम्मत होने से मानसून के दौरान एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को जलभराव और ट्रैफिक की समस्या से काफी राहत मिलेगी।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in