

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : टॉलीगंज स्टेशन से पहले अचानक होने वाली घोषणा “यह ट्रेन टॉलीगंज तक ही जाएगी”अब जल्द ही बीते दिनों की बात हो सकती है। लंबे समय से दक्षिण कोलकाता के मेट्रो यात्रियों को इस वजह से भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। आखिरकार मेट्रो रेल प्राधिकरण ने इस समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, टॉलीगंज रूट के यात्रियों की परेशानी अब काफी हद तक कम होगी। शहीद खुदीराम और न्यू गड़िया के बीच एक ट्रैक पर एक साथ दो मेट्रो चलाने की अस्थायी अनुमति रेलवे सेफ्टी आयुक्त (CRS) ने दे दी है। अब तक सुरक्षा कारणों से इस ट्रैक पर एक समय में केवल एक मेट्रो चलाने की अनुमति थी, जिससे परिचालन में बाधा आ रही थी। गौरतलब है कि न्यू गड़िया मेट्रो स्टेशन कई महीनों से यात्रियों के लिए बंद है। स्टेशन के अप और डाउन दोनों प्लेटफॉर्म धंसने के साथ-साथ कई पिलरों में दरारें पाई गई थीं। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन की सेवाएं बंद कर दी गईं। हालांकि, न्यू गड़िया में ही क्रॉसओवर मौजूद है, जहां से मेट्रो ट्रेनों को घुमाया जाता है। वर्तमान में शहीद खुदीराम अंतिम स्टेशन होने के बावजूद वहां क्रॉसओवर नहीं है। इस कारण यात्रियों को उतारने के बाद मेट्रो को खाली हालत में न्यू गड़िया तक ले जाना पड़ता है, जिससे समय की बर्बादी होती है और सेवाएं प्रभावित होती हैं। इसी वजह से अब तक 33 मेट्रो ट्रेनों को टॉलीगंज से ही वापस मोड़ना पड़ता था, जो आगे दक्षिण की ओर नहीं जा पाती थीं। मेट्रो प्राधिकरण का कहना है कि नयी अस्थायी अनुमति के बाद सभी मेट्रो अब शहीद खुदीराम तक चलाई जा सकेंगी। इससे दक्षिणमुखी यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और टॉलीगंज के आगे जाने वाले यात्रियों की परेशानी काफी हद तक दूर होगी। मेट्रो रेल का दावा है कि यह फैसला यात्रियों की सुविधा और परिचालन में सुधार के उद्देश्य से लिया गया है, जिससे मेट्रो सेवाएं अधिक सुचारु और समयबद्ध हो सकेंगी।