मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य में रेलवे बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और यात्री सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सतीश कुमार ने रविवार को तारकेश्वर-शियोराफुली रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ रेलवे बोर्ड, पूर्व रेलवे और दक्षिण पूर्व रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान सतीश कुमार ने तारकेश्वर और शियोराफुली स्टेशनों पर यात्री प्रबंधन व्यवस्था, परिचालन गतिविधियों तथा सेवा गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने रेल अधिकारियों के साथ बैठक कर ट्रेनों के सुचारू संचालन, यात्री सुविधाओं में सुधार और परिचालन दक्षता बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की।
रेल परियोजनाओं में तेजी लाने पर जोर : तारकेश्वर में आयोजित एक समन्वय बैठक में रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने हुगली जिले के जिलाधिकारी तथा पश्चिम बंगाल सरकार के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न रेल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में राज्य सरकार और रेलवे के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर चल रही एवं प्रस्तावित परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। सतीश कुमार ने कहा कि रेलवे अवसंरचना परियोजनाएं क्षेत्रीय संपर्क, आर्थिक विकास और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, इसलिए इनका समय पर पूरा होना आवश्यक है।
तारकेश्वर से हावड़ा तक किया विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण : रेलवे परिसंपत्तियों और बुनियादी ढांचे की स्थिति का आकलन करने के लिए रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने तारकेश्वर से हावड़ा तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक, ओवरहेड इलेक्ट्रिक उपकरण (ओएचई), सिग्नलिंग सिस्टम, स्टेशन परिसरों की साफ-सफाई तथा रखरखाव की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया।
हावड़ा स्टेशन के आधुनिकीकरण के लिए दिए निर्देश : इसके बाद सतीश कुमार ने देश के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में से एक हावड़ा स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन भवन, परिसंचरण क्षेत्र और यात्री सुविधाओं का जायजा लेते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। उन्होंने प्लेटफार्मों पर प्राकृतिक रोशनी बढ़ाने के लिए पारदर्शी छत लगाने, यात्रियों की भीड़ को बेहतर ढंग से नियंत्रित करने के लिए होल्डिंग एरिया का पुनर्गठन करने तथा स्टेशन में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग विकसित करने का सुझाव दिया। इसके अलावा उन्होंने स्टेशन और मेट्रो नेटवर्क के बीच बेहतर संपर्क सुनिश्चित करने के लिए सुगम पहुंच मार्ग विकसित करने पर भी जोर दिया।
ऐतिहासिक स्टेशन भवन को मिलेगा नया स्वरूप : रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने हावड़ा स्टेशन के ऐतिहासिक भवन के व्यापक नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। साथ ही पार्सल लोडिंग-अनलोडिंग क्षेत्रों के बेहतर प्रबंधन तथा यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन प्रवेश द्वारों पर स्पष्ट और बड़े प्लेटफॉर्म संकेतक लगाने को कहा।
यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए बनेगी समयबद्ध कार्ययोजना : पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवराम माझी ने कहा कि रेलवे बोर्ड अध्यक्ष का यह दौरा पश्चिम बंगाल में रेलवे अवसंरचना के तीव्र विकास और आधुनिकीकरण के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों को समयबद्ध कार्ययोजना के माध्यम से लागू किया जाएगा, जिससे यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन और मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन पहलों से राज्य में रेलवे सेवाओं की गुणवत्ता और यात्री अनुभव दोनों को नई ऊंचाई मिलेगी।