मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: सियालदह रेल मंडल ने यात्रियों के बीच डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'रेलवन' मोबाइल ऐप जागरूकता अभियान को और तेज कर दिया है। पहले चरण में यात्रियों से मिले उत्साहजनक समर्थन के बाद अब इस अभियान का दायरा बढ़ाया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग मोबाइल ऐप के जरिए टिकट बुकिंग की सुविधा का लाभ उठा सकें। मंडल के वाणिज्यिक कर्मचारी प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को रेलवन ऐप डाउनलोड करने, अकाउंट बनाने, इसकी विभिन्न सुविधाओं की जानकारी देने तथा वॉलेट के माध्यम से टिकट बुक करने में सहायता कर रहे हैं। इस अभियान के सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं। सियालदह मंडल में रेलवन ऐप पर पंजीकरण और डिजिटल टिकट बुकिंग में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है, जो यात्रियों के बढ़ते भरोसे को दर्शाती है। ऐप के माध्यम से यात्री अनारक्षित टिकट, सीजन टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और आरक्षित टिकट आसानी से बुक कर सकते हैं। इसके अलावा ऐप में कई अन्य यात्री सुविधाएं भी उपलब्ध हैं, जिससे रेल यात्रा अधिक सरल, तेज और सुविधाजनक बन रही है। रेल प्रशासन का कहना है कि यह पहल डिजिटल इंडिया अभियान को मजबूत करने के साथ-साथ टिकट काउंटरों पर भीड़ और प्रतीक्षा समय कम करने, कागज की खपत घटाने तथा लाखों यात्रियों को संपर्करहित और सुगम यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।