बुलेट ट्रेन परियोजना में तेजी से आगे बढ़ रहा निर्माण कार्य

बुलेट ट्रेन परियोजना में तेजी से आगे बढ़ रहा निर्माण कार्य
REP
Published on

पहले चरण के दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद, 2027 में सेवा शुरू करने का लक्ष्य

नई दिल्ली : केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल परियोजना की प्रगति को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित की जा रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना के विभिन्न हिस्सों में निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। परियोजना के पहले खंड में 2027 से बुलेट ट्रेन सेवा शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

रेल मंत्री के अनुसार, बुलेट ट्रेन के पहले खंड का निर्माण कार्य इस वर्ष दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। सेवा शुरू करने से पहले ट्रेन का व्यापक स्तर पर परीक्षण किया जाएगा, ताकि परिचालन से जुड़ी सभी आवश्यक जांच पूरी की जा सके।

परियोजना के तहत ट्रेन के कई प्रमुख हिस्सों पर काम तेजी से चल रहा है। इनमें कार बॉडी, बोगी, प्रोपल्शन सिस्टम, वाहन इलेक्ट्रॉनिक्स, पहिए और पैंटोग्राफ शामिल हैं। ट्रेन की बॉडी की मजबूती जांचने के लिए फिलहाल स्क्वीज टेस्ट किया जा रहा है।

वहीं, मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) से ठाणे के बीच प्रस्तावित अंडरसी टनल का निर्माण भी आगे बढ़ रहा है। इस हिस्से में शाफ्ट से संबंधित कार्य पूरा हो चुका है और दोनों टनल बोरिंग मशीनों (टीबीएम) की स्थापना भी पूरी कर ली गई है।

पूरे हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर में सुरंग निर्माण, स्टेशनों के निर्माण और पुलों से संबंधित कार्य भी तेजी से जारी हैं। परियोजना पूरी होने के बाद मुंबई और अहमदाबाद के बीच हाई-स्पीड रेल संपर्क देश के रेल परिवहन क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in