पर्पल लाइन : जोका से डायमंड पार्क तक विस्तार को मंजूरी

कोलकाता मेट्रो का दायरा और बढ़ेगा
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कोलकाता मेट्रो के विस्तार को लेकर एक बड़ा फैसला सामने आया है। मेट्रो रेलवे ने पर्पल लाइन (जोका-एस्प्लानेड कॉरिडोर) को आगे बढ़ाने की योजना को मंजूरी दे दी है। रेल मंत्रालय से भी इस परियोजना को हरी झंडी मिल गई है। इसके तहत जोका स्टेशन से आगे लगभग 1.7 किलोमीटर तक मेट्रो लाइन का विस्तार कर डायमंड पार्क तक पहुंचाया जाएगा। मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, नए विस्तार के साथ एक नया स्टेशन भी बनाया जाएगा। हालांकि स्टेशन के नाम की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि यह स्टेशन आईआईएम कोलकाता (जोका कैंपस) के बेहद करीब होगा। इससे छात्रों, शिक्षकों और स्थानीय निवासियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। वर्तमान में आईआईएम और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को जोका स्टेशन से उतरकर ऑटो या अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ता है। नए स्टेशन के बनने के बाद उनकी यात्रा अधिक सुगम हो जाएगी। परियोजना के लिए हांसपुकुरिया, सरमास्टरचक और जोका क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस संबंध में आवश्यक अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। मेट्रो रेलवे का दीर्घकालिक लक्ष्य जोका से एस्प्लानेड और आगे ईडन गार्डन्स तक बेहतर संपर्क स्थापित करना है। इसी दिशा में पर्पल लाइन के विभिन्न चरणों पर तेजी से काम चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि डायमंड पार्क तक विस्तार होने से दक्षिण-पश्चिम कोलकाता के हजारों लोगों को तेज और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन का लाभ मिलेगा। हाल ही में चिंगड़ीघाटा क्षेत्र में मेट्रो परियोजना से जुड़ी बाधाएं दूर होने के बाद अब मेट्रो प्रशासन का फोकस पर्पल लाइन के विस्तार पर है। आने वाले वर्षों में इस परियोजना के पूरा होने से शहर के परिवहन नेटवर्क को और मजबूती मिलेगी।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in