भारत जूट मिल में कर्मचारियों की छंटनी के विरोध में प्रदर्शन
उत्पादन ठप होने का आरोप
मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा जिले के दासनगर स्थित भारत जूट मिल में 50 स्थायी कर्मचारियों को काम से बैठा देने के आरोप को लेकर रविवार को जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ। कर्मचारियों के एकजुट होकर मिल परिसर में प्रदर्शन करने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। मिल में करीब 400 स्थायी और लगभग 200 अस्थायी कर्मचारी कार्यरत हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि करीब 15 दिन पहले तक मिल में तीन शिफ्ट में उत्पादन हो रहा था, लेकिन अब तीन शिफ्ट की जगह सिर्फ एक शिफ्ट में काम कराया जा रहा है। वह भी सप्ताह में मात्र चार दिन और प्रतिदिन पांच घंटे। इससे उनकी आमदनी में भारी गिरावट आई है और परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें सप्ताह में छह दिन काम दिया जाए और मिल को तत्काल पूरी क्षमता के साथ चलाया जाए। इस विरोध प्रदर्शन में हावड़ा नगर निगम के पूर्व मेयर परिषद सदस्य विभास हाजरा भी कर्मचारियों के साथ शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मिल की 74 प्रतिशत हिस्सेदारी एक निजी कंपनी के पास है और 26 प्रतिशत हिस्सेदारी राज्य सरकार की है। राज्य सरकार की यह हिस्सेदारी कर्मचारियों की सुरक्षा और हितों को ध्यान में रखकर है, लेकिन मौजूदा स्थिति में कर्मचारियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

