रेलवे क्रॉसिंग की समस्या दूर करने की तैयारी

ब्रिज और सबवे निर्माण पर चर्चा दपूरे के जीएम और विधायक के बीच हुई बैठक
रेलवे ट्रैक
रेलवे ट्रैक
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: शिबपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन के साथ गार्डेनरीच में नागरिक सुविधाओं को लेकर विधायक रूद्रनील घोष के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में टिकियापाड़ा से सांतरागाछी जंक्शन के बीच पड़ने वाले विभिन्न रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर होने वाली समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई। शिबपुर विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजरने वाली रेलवे लाइन के कारण कई महत्वपूर्ण लेवल क्रॉसिंग लंबे समय तक बंद रहती हैं, जिससे स्थानीय लोगों और वहां से गुजरनेवाले वाहनों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासतौर पर रामराजातला, आड़ुपाड़ा और बक्साड़ा रेलवे क्रॉसिंग लंबे समय से जाम और आवागमन की समस्या का कारण बनी हुई हैं। बैठक में इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए रेलवे ओवरब्रिज या सबवे निर्माण की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा सांतरागाछी जंक्शन और आसपास के बस टर्मिनस के विकास एवं सौंदर्यीकरण पर भी चर्चा हुई, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। बैठक के बाद दावा किया गया कि राज्य सरकार और रेलवे विभाग मिलकर इन परियोजनाओं की प्रारंभिक योजना पर काम कर रहे हैं। यदि योजनाएं अमल में आती हैं, तो वर्षों से चली आ रही रेलवे फाटक पर जाम और लंबी प्रतीक्षा की समस्या से स्थानीय लोगों को राहत मिल सकती है। हालांकि, फिलहाल रेलवे या राज्य सरकार की ओर से इन परियोजनाओं के निर्माण की समयसीमा या आधिकारिक मंजूरी की घोषणा नहीं की गई है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in