

सुरक्षा और व्यवस्थाओं का व्यापक इंतजाम
मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : बांधाघाट स्थित श्री श्री शीतला मां के पावन स्नान महोत्सव को लेकर इलाके में तैयारियां तेज हो गई हैं। रविवार को पूरे विधि-विधान के साथ मां शीतला का स्नान महोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर दूर-दराज़ से श्रद्धालु बांधाघाट पहुंचेंगे और मां के दर्शन कर आशीर्वाद लेंगे। प्रशासन को उम्मीद है कि बेहतर योजना और समन्वय के चलते श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। मां शीतला के जयकारों और भक्तिमय माहौल के बीच बांधाघाट एक बार फिर आस्था और श्रद्धा का संगम बनने जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी मां के स्नान के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर समिति, स्थानीय प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मां शीतला के मंदिर के बाहर और आसपास कई स्थानों पर भव्य पंडाल बनाए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को धूप, बारिश या भीड़ की वजह से किसी प्रकार की परेशानी न हो। श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सलकिया से लेकर बांधाघाट तक पूरे मार्ग में लकड़ी के बैरिकेड लगाए गए हैं, जिससे भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचा जा सके।
विधायक गौतम चौधरी खुद संभाल रहे मोर्चा : इस आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय विधायक गौतम चौधरी लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे खुद तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं और संबंधित अधिकारियों व मंदिर समिति के साथ लगातार बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। शनिवार शाम को विधायक गौतम चौधरी ने मंदिर परिसर के सामने की गई विशेष लाइटिंग का उद्घाटन किया। रंग-बिरंगी रोशनी से सजा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बन गया है।
हावड़ा सिटी पुलिस अलर्ट मोड में : महोत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हावड़ा सिटी पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद है। कुछ दिन पहले ही हावड़ा सिटी के पुलिस कमिश्नर प्रवीण त्रिपाठी ने बांधाघाट और आसपास के इलाकों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था। पुलिस की ओर से अतिरिक्त बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और ट्रैफिक नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए गए हैं।