

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : रेलवे मंत्रालय ने वरिष्ठ रेलवे अधिकारी प्रेम सागर गुप्ता को मेट्रो रेलवे, कोलकाता का नया महाप्रबंधक (जनरल मैनेजर) नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति से मेट्रो रेलवे को एक अनुभवी और कुशल प्रशासनिक नेतृत्व मिलने की उम्मीद है। प्रेम सागर गुप्ता भारतीय रेलवे इंजीनियर्स सेवा के वर्ष 1990 बैच के प्रतिष्ठित सिविल इंजीनियर हैं। नियुक्ति से पहले वह उत्तर रेलवे में प्रधान मुख्य अभियंता के पद पर कार्यरत थे। गुप्ता ने दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से सिविल इंजीनियरिंग में स्वर्ण पदक के साथ स्नातक की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने आईआईटी दिल्ली से एम.टेक में टॉप किया। साथ ही उन्होंने नेशनल डिफेंस कॉलेज से एम.फिल. की उपाधि भी हासिल की है।अपने लंबे और सफल करियर के दौरान उन्होंने रेलवे बोर्ड और रेल मंत्रालय में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। वह रेल मंत्रालय में प्रिंसिपल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एवं मुख्य अभियंता (योजना) तथा एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (कॉर्पोरेट कोऑर्डिनेशन) जैसे अहम पदों की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।