

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : शिवपुर में इस बार रामनवमी की शोभायात्रा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हावड़ा सिटी पुलिस ने आयोजकों द्वारा बताए गए पारंपरिक रूट पर जुलूस निकालने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है और इसके बजाय एक वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विश्व हिंदू परिषद ने रामनवमी जुलूस के लिए बॉटनिकल गार्डन के गेट नंबर-1 से काज़ीपाड़ा, जीटी रोड और मल्लिक फाटक होते हुए रामकृष्णपुर घाट तक शोभायात्रा निकालने की अनुमति मांगी थी लेकिन पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इस रूट को मंजूरी नहीं दी। पुलिस ने इसके स्थान पर काज़ीपाड़ा से फोरशोर रोड होते हुए रामकृष्णपुर घाट तक वैकल्पिक मार्ग से जुलूस निकालने की अनुमति दी है। हावड़ा के सीपी आकाश मघारिया ने सन्मार्ग से कहा कि पिछली बार वीएचपी को हाई कोर्ट ने अनुमति दी थी लेकिन उन्होंने कोर्ट के आदेश की अवेहना की। इसलिए उन्हें रूट बदलकर जाने की अनुमति दी गयी है। गौतलब है कि वर्ष 2022 और 2023 में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान उपद्रवियों द्वारा हमले और बड़े पैमाने पर झड़प की घटनाएं हुई थीं। इन घटनाओं की जांच फिलहाल एनआईए कर रही है। इसी वजह से किसी भी संभावित तनाव से बचने के लिए प्रशासन ने रूट में बदलाव किया है। हालांकि, आयोजक इस फैसले से सहमत नहीं हैं। दुर्गा वाहिनी के नेता ऋतु सिंह ने कहा कि वे पुलिस के तय किए गए वैकल्पिक मार्ग को स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी पुलिस ने इसी तरह अनुमति देने से इनकार किया था, जिसके बाद आयोजकों ने कलकत्ता हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। उन्होंने कहा कि इस बार भी पुलिस के फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की जाएगी। अब सभी की नजर इस मामले में अदालत और प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई है।